वाराणसी, 5 फरवरी 2025, बुधवार। रविदास भारत में 15वीं शताब्दी के एक महान संत, दर्शनशास्त्री, कवि और समाज सुधारक थे। उनका जन्म वाराणसी के एक दलित परिवार में हुआ था। इनके अनुयायी उत्तर प्रदेश, पंजाब-हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में भी हैं। इनके बारे में एक मशहूर लोकोक्ति है- मन चंगा तो कठौती में गंगा। वहीं, काशी में संत रविदास की जन्मजयंती पर भव्य आयोजन की तैयारी पूरी हो गई है। 12 फरवरी को होने वाले इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और राहुल गांधी सहित कई अन्य राजनेताओं को आमंत्रित किया गया है।
इस अवसर पर रविदास मंदिर के श्रीगुरु रविदास जन्म स्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी केएल सरोवा ने बताया कि आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। लंगर से लेकर टेंट तक की व्यवस्था कर ली गई है। आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खाने से लेकर रहने तक की पूरी व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि इस बार महाकुंभ को देखते हुए पंडाल के क्षेत्रफल को दो गुना बड़ा बना दिया गया है।
बता दें, आयोजन में अमेरिका, लंदन, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कनाडा, फ्रांस, थाईलैंड आदि देशों के अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, उतराखंड, मध्यप्रदेश आदि राज्यों से अनुयायी आएंगे। केएल सरोवा ने बताया कि यह आयोजन हर साल की तरह इस बार भी भव्य तरीके से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी के आने की सूचना तो नहीं आई है, लेकिन जो कोई आएगा उसका स्वागत है।
बेगमपुरा एक्सप्रेस से 10 को आएंगे संत निरंजन दास
केएल सरोबा ने बताया कि पंजाब से बेगमपुरा एक्सप्रेस से एक फरवरी को पहला जत्था आएगा। 10 फरवरी को श्रीगुरु रविदास जन्म स्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन संत निरंजन दास महाराज आएंगे। उनके साथ दो हजार से अधिक अनुयायी आएंगे।