वाराणसी, 12 सितंबर 2025: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बनारस के गंगा घाट से भोजपुरी में दी गई अपनी ब्रीफिंग से सबका ध्यान खींच लिया है। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के भारत दौरे के दौरान गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात के बाद जायसवाल ने यह अनोखी पहल की। भोजपुरी में दी गई इस ब्रीफिंग को सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है।
जायसवाल ने अपने वीडियो में कहा, “नमस्कार सब लोगन के, गंगा घाट से बनारस और अस्सी घाट से, खासकर हमनी के परिवार जो मॉरीशस मे रह ता।” इस वीडियो को अब तक 95 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है और करीब 687 लोगों ने इसे री-ट्वीट किया है। X पर साझा किए गए इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, “भारत-मॉरीशस रिश्ते में एक नया अध्याय। सुनिए भोजपुरी में!”
सोशल मीडिया पर लोगों ने जायसवाल की इस पहल की जमकर तारीफ की है। एक यूजर ने लिखा, “रणधीर जायसवाल जी को भोजपुरी में सुनना बेहद सुखद है। मॉरीशस से नमस्ते।” एक अन्य यूजर ने सुझाव दिया कि ऐसी ब्रीफिंग दूसरी क्षेत्रीय भाषाओं में भी होनी चाहिए। लोगों ने इसे भारत-मॉरीशस के सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में एक स्वागतयोग्य कदम बताया।
मॉरीशस के पीएम आठ दिनों के भारत दौरे पर हैं। मॉरीशस में भोजपुरी भाषी समुदाय की बड़ी आबादी है, जिनकी जड़ें उत्तर प्रदेश और बिहार से जुड़ी हैं। अंग्रेजों ने 19वीं सदी में इन क्षेत्रों से लोगों को मजदूरी के लिए मॉरीशस ले जाया था, जिन्होंने वहां के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मॉरीशस के प्रधानमंत्री की जड़ें भी बिहार से जुड़ी हैं, जिससे यह ब्रीफिंग और भी खास हो गई।
जायसवाल की इस देसी शैली को न केवल मॉरीशस बल्कि भारत में भी खूब पसंद किया जा रहा है। लोग अब अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में भी ऐसी ब्रीफिंग की मांग कर रहे हैं।