राबर्ट्सगंज (सोनभद्र) में दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में चली गोली सेना के जवान को लग गई। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। एएसपी विनोद कुमार विनोद कुमार, सीओ राजकुमार तिवारी, कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में लोगों से जानकारी ली। मृतक सेना में कार्यरत था। उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी गायब है । पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
राबर्ट्सगंज ब्रह्मनगर स्थित एक मैरेज हॉल में मंगलवार की रात बरात आई थी। इसमें शामिल होने के लिए रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के महुआरी-तेंदू निवासी बाबूलाल यादव (35) पुत्र दयाराम यादव भी आया था। आरोप है कि समारोह के दौरान कुछ लोग हर्ष फायरिंग कर रहे थे। इस दौरान बाबूलाल फायरिंग की जद में आ गया। जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल ले जाने वाले लोग फरार
सेना का जवान बाबू लाल कुछ दिनों पूर्व छुट्टी पर अपने घर आया था। गंभीर रूप से घायल बाबूलाल को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद साथ आए लोग वहां से फरार हो गए। डॉक्टर के मुताबिक मृतक के चेहरे पर गन शॉट के निशान हैं। तलाशी के दौरान आर्मी के जवान का लाइसेंसी पिस्टल भी गायब था।