उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी के खिलाफ हैदराबाद में एफआईआर दर्ज हो गया है। बुधवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रिजवी के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। इस दौरान वह यहां के पुलिस कमीश्नर से मिले और रिजवी के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की।
ओवैसी ने कहा कि पुलिस कमिश्नर ने रिजवी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का आश्वासन दिया। ओवैसी ने कहा कि हमें उम्मीद है कि उन्हें (रिजवी) जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। दरअसल, रिजवी पर आरोप है कि उन्होंने अपनी किताब ‘मोहम्मद’ में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी हैं।
वसीम रिजवी ने गाजियाबाद के डासना के महाकाली मंदिर में दर्शन करने के बाद महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती से अपनी विवादित किताब ‘मोहम्मद’ का विमोचन कराया था। उनका दावा है कि ‘इस्लाम दुनिया में क्यों आया और इतना आतंकवादी विचार क्यों रखता है?’ इसी बात को यह किताब उजागर करती है। इसके अलावा उनका दावा है कि ये किताब पैगंबर मोहम्मद साहब के चरित्र को भी उजागर करती है।
वसीम रिजवी पहले भी विवादों में रहे थे। उन्होंने कुरान की 26 आयतें हटाने की वकालत की थी और इसके लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। उनका तर्क था कि कुरान की 26 आयतें आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली हैं। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को खारिज कर दिया था। शीर्ष कोर्ट ने रिजवी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया था।