नई दिल्ली, 23 जनवरी 2025, गुरुवार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वजीरपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी पूनम शर्मा के समर्थन में एक रोडशो में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के चुनाव कार्यालय का भी उद्घाटन किया। रोडशो के दौरान बड़ी संख्या में लोग सीएम धामी को सुनने के लिए उपस्थित हुए। लोगों ने जगह-जगह फूलों और मालाओं के साथ सीएम धामी का स्वागत किया।
इस दौरान, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने नए अस्पताल और स्कूल खोलने के नाम पर दिल्ली की जनता को ठगने का काम किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिन राज्यों में डबल इंजन सरकार है, वे राज्य तेजी से प्रगति की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने दावा किया कि इन राज्यों में एक रुपये का भ्रष्टाचार नहीं हुआ है, जबकि दिल्ली में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री से लेकर विधायक तक को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाना पड़ा है। उन्होंने जनता से सवाल किया कि क्या उन्हें दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली डबल इंजन सरकार चाहिए या फिर भ्रष्टाचार में संलिप्त सरकार।
उन्होंने कहा कि यह दिल्ली सरकार की ही नाकामी है कि जो यमुना उत्तराखण्ड में एक स्वच्छ और निर्मल बहती है वो दिल्ली पहुंचते ही नाले में तब्दील हो जाती है। दिल्ली में माँ यमुना का पानी आचमन तो दूर सिंचाई के भी लायक नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में आयुष्मान योजना तक को लागू नहीं किया। जिस कारण लोगों को सस्ती दरों पर इलाज तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जनता से दिल्ली में डबल इंजन सरकार बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद प्रवीण खंडेलवाल भी उपस्थित रहे।