दिल्ली एनसीआर में कोहरे के अलावा ठंड और प्रदूषण का कहर जारी है। जहां दिल्ली समेत पूरा एनसीआर मंगलवार सुबह कोहरे की मोटी परत से ढका नजर आया। वहीं जमीन से लेकर आसमान तक कोहरे की वजह से रफ्तार थम गई। ट्रेनों से लेकर गाड़ियों और उड़ानों पर इसका असर दिख रहा है। यात्री खराब मौसम की वजह से परेशान हैं।
दिल्ली समेत नोएडा और गाजियाबाद में भी कोहरा ही कोहरा नजर आ रहा है। बीते सोमवार को दक्षिण-पूर्व दिशाओं से चली हवा व दिन में खिली धूप से पारा बढ़ गया। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार को दिल्ली में बारिश होने के आसार है। बारिश के बाद दिन के तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। साथ ही मौसम साफ हो सकता है। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक दिल्ली का जाफरपुर व मंगेशपुर इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां का अधिकतम तापमान सबसे कम 18.5 डिग्री दर्ज किया गया।