- प्रशांत पोळ
ईशावास्योपनिषद में दूसरा श्लोक है –
कुर्वन्नेवेह कर्माणि जिजीविषेत् शतं समाः।
एवं त्वयि नान्यथेतोऽस्ति न कर्म लिप्यते नरे ॥
इस श्लोक का अर्थ है, कि ‘किसी भी व्यक्ति को यदि इस धरातल पर 100 वर्ष जीना हैं, तो उसने कर्म करते रहना चाहिए’। और कर्म भी कैसा? तो ‘कुर्वन्नेवेह’। अर्थात, तय किया हुआ कार्य, और वह भी उत्कृष्टता से, करना।
इसी उपनिषद में अगला श्लोक है –
असुर्या नाम ते लोका अन्धेन तमसाSSवृता:।
तांस्ते प्रेत्याभिगच्छन्ति ये के चात्महनो जना:।।
अर्थात, जो ठीक से काम नहीं करते, कुशलता से काम नहीं करते, वह असूर्य लोक में जाते हैं। अंधकार में जाते हैं। अर्थात, नरक में जाते हैं..!
काम का और कष्ट का महत्व बताने के लिए, श्वेताश्वतर उपनिषद (ब्राह्मोपनिषद) के पहले अध्याय में एक श्लोक हैं –
तिलेषु तैलं दधनीव सर्पिरापः स्त्रोतः स्वरणीषु चाग्निः ।
एवमात्मात्मनि गृह्यतेऽसौ सत्येनैनं तपसा योऽनुपश्यति ॥
तिल में तेल होता हैं, पर वह तेल निकालने के लिए तिल को कोल्हू में पूरी तरह, पूरी ताकत से निचोड़ना पड़ता हैं। दही से घी निकालने के लिए दही को मथ कर, मक्खन निकालकर, फिर उसे गर्म करके घी निकालना पड़ता हैं। अरणी का मंथन करके ही अग्नि प्रज्वलित होता हैं। उसी प्रकार, पृथ्वी के पेट में भरपूर पानी निश्चित हैं, किंतु उसे निकालने के लिए गहरा खोदना पड़ता हैं। कभी जल्दी पानी मिल जाता हैं, तो कभी पत्थर आने पर उसे फोड़ कर पानी निकालना पड़ता हैं।
संक्षेप में, कष्ट करते रहना चाहिए। यश निश्चित मिलेगा।
यह सारे तत्व, प्राचीन समय में गुरुकुलों, विद्यालयों के द्वारा बच्चों के मन में उकेरे जाते थे। कार्यमग्न, कार्यशील रहना हैं। जो विहित कार्य (तय किया हुआ काम) हमारे हिस्से में आया हैं, उसे पूरी लगन से और कुशलता से करना हैं। यह मूलमंत्र था। इसलिए हम ‘परफेक्शनिस्ट’ थे। परिपूर्णतावादी थे। इसलिए हमारे पूर्वज, एलोरा में कैलाश मंदिर जैसा शिल्प, एक पूरे पत्थर में, ऊपर से नीचे उकेर सके। हजारों वर्ष न जंगने वाला लोहस्तंभ खड़ा कर सके। गणित के अनेक जटिल सूत्रों को हल कर सके… ऐसा बहुत कुछ।
(दुर्भाग्य से इस्लामी आक्रांता आने के बाद, हमारे कर्म सिद्धांत की परिपूर्णता जाती रही। ‘हम निम्न स्तर का सामान बनाते हैं, हम व्यवस्थित / अनुशासित, समय के पाबंद नहीं हैं’, ऐसे सारे अवगुण विशेष, हमारे साथ चिपकते गएं…)
प्रबंधन शास्त्र (व्यवस्थापन शास्त्र) में मनुष्य के मन का बड़ी बारीकी से, सूक्ष्मता से विचार किया जाता हैं। कारण, प्रबंधन करना हैं, तो मनुष्य के द्वारा ही प्रमुखता से होता हैं। दूसरे विश्व युद्ध के बाद, विश्व के भिन्न-भिन्न प्रबंधन तंत्र पर प्रभाव दिखता है, वह पीटर ड्रकर (Peter Drucker) का। इनका मुख्य सिद्धांत है, ‘मैनेजमेंट इस अबाउट ह्यूमन बीइंग’। अपने उपनिषदकारों ने, इस बात का विचार अक्षरश: कुछ हजार वर्ष पहले करके रखा हैं।
केनोपनिषद और श्वेताश्वतर उपनिषद का शांति मंत्र हैं –
ॐ सह नाववतु । सह नौ भुनक्तु । सह वीर्यं करवावहै ।
तेजस्वि नावधीतमस्तु मा विद्विषावहै ।।
साधारणतः अनेक घरों में यह भोजन मंत्र के रूप में, भोजन ग्रहण करने से पहले बोला जाता हैं। इसका भावार्थ हैं – ‘हम दोनों की रक्षा करो। हम दोनों का पोषण करो’।
ये ‘दोनों’ कौन हैं..?
ये है, अपने दो मन। गुरु और शिष्य। कभी अपना एक मन गुरु होता हैं, तो दूसरा शिष्य बन जाता हैं। कभी इसके उलट होता हैं। अनेकों बार, अपने मन में अंतर्द्वंद्व चलता रहता हैं। ‘यह करूं या ना करूं..?’ शेक्सपियर की भाषा में To be or Not to be।
उपनिषदकारों के मत से, इन दोनों ही मनों का व्यवस्थित पोषण होना आवश्यक हैं। और उसी में से ‘आई एम ओके, यू आर ओके’ यह भावना निर्माण होगी। यदि I am Not Ok, You are Ok यह भावना हावी हुई, तो हम में हीन भावना (Inferiority Complex) निर्माण होगी। यदि, I am Ok, You are Not Ok यह भावना हावी हुई, तो हम में अहंभाव, अहंकार (Superiority Complex) आएगा। यदि, I am Not Ok, You are Not Ok यह भावना बलवती हुई, तो हम पूर्णतः नकारात्मक सोचने लगेंगे। इससे कोई काम नहीं होगा। इसलिए, I am Ok, You are Ok यह भावना निर्माण होना आवश्यक है, जिसके कारण हम समान स्तर पर लोगों से संवाद कर सकेंगे।
प्रबंधन का यह महत्व का तत्व, डॉक्टर थॉमस ए हैरिस, एमडी ने वर्ष 1967 में प्रस्तुत किया। विश्व भर में यह खूब चला। उनकी I am Ok, You are Ok यह पुस्तक आज भी जबरदस्त बिकती हैं। किंतु हमारे उपनिषदों में यही तत्व, कुछ हजार वर्ष पहले से, व्यापक रूप में बताया गया हैं।
प्रबंधन के लिए जो मूलभूत तत्व आवश्यक होते हैं, वह उपनिषदों में विस्तार से बताए गए हैं। उदाहरण के लिए – ‘एकाग्रता’। अगर एकाग्रता होगी, तो अनेक असाध्य, असंभव बातें भी संभव हो जाती हैं। छोटे से लेंस से आई हुई सूर्य किरणें, एकाग्र होकर कागज को भी जला देती हैं। उसी प्रकार, मानवी मन की एकाग्रता से, कठिन से कठिन काम भी संभव हो जाते हैं। इस प्रक्रिया का भिन्न-भिन्न उपनिषदों में विस्तार से वर्णन किया हैं। कुछ उपनिषदों ने, (जैसे श्वेताश्वतर उपनिषद और मैत्रोपनिषद) ‘योग’ को एकाग्रता के पर्यायवाची शब्द के रूप में प्रयोग किया हैं।
ऐतरेय उपनिषद के तीसरे अध्याय में ‘मन की शक्ति’ का वर्णन किया हैं। चेतना, ग्रहणशक्ति (grasping power), मेधा (बुद्धि), दृष्टि, अंतःदृष्टि आदि बातों की वृद्धि मनुष्य कर सकता हैं। उनकी क्षमता को बढ़ा सकता है, और यह होने पर कृति (कुछ करना) संभव होती हैं। अर्थात, अत्यंत कठिन परिस्थिति में भी, हिम्मत के साथ खड़े रहकर, हम परिस्थिति को अपने अनुकूल पलटा सकते हैं।
मुंडक उपनिषद और मैत्रोपनिषद में प्रबंधन का काम करते हुए पालन करने की साधन चतुष्टि दी है –
१. जो काम हम कर रहे हैं, उस काम की या उस व्यवसाय की, संपूर्ण जानकारी। ‘मैं यह काम क्यों कर रहा हूं? मुझे इस कार्य से क्या साध्य करना हैं?’ इसकी पूर्ण स्पष्टता, सम्यक ज्ञान आवश्यक।
२. कार्य करते समय सत्य के रास्ते से चलना। सत्य यानी परमेश्वर। सदाचार से, सत्यनिष्ठा से, प्रमाणिकता से अपना काम करना।
३. अपने काम पर दृढ श्रद्धा। जो काम हमें मिला है, या जो व्यवसाय हम चला रहे हैं, उसके प्रति मन में अनुराग होना चाहिए। उस कार्य की पसंद होना चाहिए।
४. दिया हुआ, या हाथ में लिया हुआ, विहित काम करते समय सभी यम-नियमों का कड़ाई से पालन।
यह साधन चतुष्टि यदि हम प्रमाणिकता से अपनाते हैं, तो हमारा प्रत्येक कार्य निश्चित रूप से यशस्वी होगा, ऐसा मुंडक उपनिषद में लिखा हैं। ‘सत्यमेव जयते’ का उद्घोष इसी उपनिषद में हुआ हैं।
कठोपनिषद के पहले अध्याय के तीसरी वल्ली का 14वां श्लोक प्रसिद्ध है – उत्कृष्ट
_उत्तिष्ठत जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत।_
_क्षुरासन्नधारा निशिता दुरत्यद्दुर्गं पथस्तत्कवयो वदन्ति॥_
स्वामी विवेकानंद ने इस श्लोक का अनेकों बार उच्चार किया हैं। इस पूरे श्लोक का अर्थ हैं, ‘उठो, जाग जाओ और जानकार, विद्वान, श्रेष्ठ पुरुषों की संगति में ज्ञान प्राप्त करो’। इस श्लोक के पहले भाग का स्वामी विवेकानंद ने अत्यंत कुशलता से उपयोग किया हैं – “उठो, जागो और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए ‘पागल’ बनो”। यहां ‘पागल’ यह शब्द ‘पैशनेट’ इस अर्थ से प्रयोग में लाया हैं। आज के भौतिक जगत में भी यही दिखता हैं। स्टीव जॉब्स, एलन मस्क, बिल गेट्स जैसे, जिन-जिन लोगों ने अपना लक्ष्य प्राप्त करने के लिए जुनून के साथ काम किया, वे सभी दुनिया में सफल रहे।
इसीलिए, अच्छे कुशल प्रबंधन के लिए, अपने कार्य पर पूरी श्रद्धा रखकर, दिए गए लक्ष्य के लिए ‘पागल’ होना अपेक्षित हैं, जो हमारे उपनिषदों ने हमें हजारों वर्ष पहले से बताया है..!
- प्रशांत पोळ
(दिनांक 26 जुलाई को, माननीय उपराष्ट्रपति डॉ. जगदीप धनखड जी के करकमलों से विमोचित होने वाले खजाने की शोधयात्रा पुस्तक के अंश।)