कानपुर से लखनऊ कैब से जा रहे सेना के सेवानिवृत्त कर्नल सूर्यप्रताप सिंह मोबाइल फोन पर जब वक्फ संशोधन कानून पर बात कर रहे थे तो नाराज होकर चालक वसीम ने उनसे गाली-गलौज की और हमला कर दिया। चालक यहीं नहीं रुका कार रोककर अपने कुछ साथियों को बुलाया और फिर कर्नल सिंह की पिटाई की।
घटना के समय का वीडियो रविवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है। वीडियों में सेवानिवृत्त कर्नल सड़क पर लड़खड़ाते हुए एक युवक का पीछा करते दिख रहे हैं।
बताया जा रहा है कि उन्हें इतना पीटा गया कि वह चल नहीं पा रहे थे। समाचार एजेंसी प्रेट्र ने वीडियो के आधार पर बताया है कि वह नशे की हालत में थे। वह कानपुर के जिला सैनिक पुनर्वास कल्याण बोर्ड में अधिकारी के पद पर हैं। इस संबंध में उनसे बात करने का प्रयास किया, लेकिन फोन स्विच आफ था। घटना शनिवार देर रात अचलगंज थाना क्षेत्र में आजाद मार्ग चौराहे पर हुई।
प्रभारी निरीक्षक राजेश पाठक ने बताया कि तहरीर मिली है। चालक वसीम और उसके साथी आरिफ व अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वसीम कानपुर के बेगमपुरवा का रहने वाला है। आरिफ के पते के बारे में जानकारी नहीं हो सकी है।