बहुत खतरनाक है डिजिटल अरेस्ट; ‘आपकी बेटी सेक्स रैकेट में पकड़ी गई…’ ठग ने बेटी के बारे में बोली ऐसी बात, मां को आ गया हार्ट अटैक!
आगरा, 4 अक्टूबर। डिजिटल अरेस्ट के मामले इन दिनों तेजी से बढ़ रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट के जरिए साइबर ठग आसानी से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। देशभर में कई लोग इसका शिकार बन चुके हैं। ताजा मामला आगरा से है, जहां एक सरकारी शिक्षिका की साइबर अपराधियों की धमकी से मौत हो गई। अपराधियों ने महिला को वॉट्सऐप कॉल करके बेटी के सेक्स रैकेट में पकड़े जाने की धमकी दी थी। उसे छोड़ने के लिए बिना काल काटे खाते में एक लाख रुपए ट्रांसफर करने को कहा। इससे महिला सदमे में आ गई, जिससे उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। मां के मरने और पूरे घटनाक्रम की जानकारी बेटे दीपांशु ने पुलिस की दी। अब पुलिस कॉल करने वाले शख्स को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। कहा जा रहा है कि डिजिटल अरेस्ट में यह पहली मौत है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट किया जाएगा।
खबरों के मुताबिक, सुभाष नगर में रहने वाली मालती वर्मा राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल अछनेरा में टीचर थीं। 30 सितंबर की दोपहर 12 बजे उनके मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने पुलिस वर्दी में तस्वीर लगा रखी थी। देखकर यही लग रहा था कि यह कॉल किसी थाने से है। मालती ने कॉल रिसीव की। उधर से कहा गया कि आपकी बेटी को पुलिस ने सेक्स रैकेट में पकड़ा है। अभी पुलिस ने उसे लिखा-पढ़ी में शामिल नहीं किया है। आपकी बहुत बदनामी हो सकती है। इसलिए आपको कॉल कर रहे हैं।
शिक्षिका के बेटे दीपांशू राजपूत ने बताया कि मां को 10 बार काॅल किया गया। काॅलर की डीपी में वर्दी पहने पुलिस अधिकारी की फोटो थी। इस पर नाम कैप्टन विजय कुमार लिखा था। कॉल पर इस तरह की बातें सुनकर मां घबरा गईं। उन्हें गहरा धक्का लगा। इस पर मां ने उन्हें काॅल किया। कहा कि बेटा 1 लाख रुपये एक नंबर पर भेज दो। उन्होंने मां से रुपये भेजने का कारण पूछा। उनकी सांस फूल रही थी। ठीक से बोल भी नहीं पा रही थीं। बस यही कहा कि एक नंबर बता रही हूं। उस पर रकम दे देना। अगर, पैसा नहीं पहुंचा तो सब कुछ गड़बड़ हो जाएगा। उन्होंने नंबर लिया। जिस नंबर से काॅल था, वह +92 से शुरू हो रहा था।
घबराए हुए दीपांशु ने बताया कि उन्होंने बहन को वीडियो काॅल किया। पूछा कि कहां पर हो? तुम ठीक तो हो ना। बहन बीफार्मा कर रही है। वह काॅलेज में थी। बहन से बात करने के बाद दीपांशु ने मां को बताया। कहा कि वह चिंता नहीं करें। बहन ठीक है। उससे बात कर ली है। लेकिन, मां की दहशत कम नहीं हुई। इधर उन पर पुलिस अधिकारी की फोटो लगे नंबर से लगातार काॅल आती रहीं। वह शाम 4 बजे घर पहुंचीं। उनकी हालत बिगड़ी हुई थी। एकाएक पसीना आने लगा। घबराहट बढ़ने पर उन्हें पानी पिलाया। शीतल पेय दिया। हालत में सुधार नहीं होने पर अस्पताल ले गए, जहां उन्हें डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बता दें, 2024 में ही दुनिया का पहला साइबर क्राइम इंडेक्स जारी हुआ था। ‘मैपिंग ग्लोबल जियोग्राफी ऑफ साइबर क्राइम विद द वर्ल्ड साइबर क्राइम इंडेक्स’ के नाम से। इसमें बताया गया कि दुनियाभर में कहां कहां साइबर अपराध सबसे ज्यादा हो रहे हैं। लिस्ट में 15 देशों के नाम हैं। पहले नंबर पर रूस, यूक्रेन दूसरे तो तीसरे नंबर पर चीन को साइबर क्राइम का सबसे बड़ा गढ़ बताया गया। इसमें भारत दसवें नंबर पर हैं। भारत में साइबर क्राइम और ठगी कोई नई बात नहीं है। इंटरनेट के बढ़ते इस्तेमाल के साथ ही डिजिटल और ऑनलाइन धोखाधड़ी के आंकड़े भी आसमान छू रहे हैं।
Advertisement
Translate »