नई दिल्ली, 8 फरवरी 2025, शनिवार। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, अंत्योदय व विकासपरक नीतियों पर जनता-जनार्दन के अटूट समर्थन की जीत करार दिया है।
नड्डा ने कहा कि ‘आप-दा’ सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार, कुशासन, और तुष्टीकरण की सारी सीमाएं लांघ दी थीं। आज दिल्ली उनके झूठ, छल और प्रपंच से मुक्त होकर प्रगति और प्रतिष्ठा के नए युग में अपनी यात्रा आरंभ कर रही है।
भाजपा दिल्ली की 70 में से 48 सीट पर निर्णायक बहुमत की ओर बढ़ती दिख रही है जबकि आम आदमी पार्टी 22 सीट पर सिमटने के कगार पर है। एक बार फिर कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में अपना खाता खोलती नहीं दिख रही है। अब तक के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा को करीब 47 प्रतिशत और आप को 43 प्रतिशत वोट मिले हैं।