जापान एयरलाइंस पर गुरुवार सुबह बड़ा साइबर हमला हुआ। साइबर हमलावरों की इस करतूत की वजह से बड़ी संख्या में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। बताया गया कि फिलहाल टिकटों की बिक्री भी रोक दी गई है। साइबर हमला सुबह स्थानीय समयानुसार 8.56 बजे के आसपास हुआ। इस वजह से एयरलाइंस की पूरी व्यवस्था ही चरमरा गई।
एयरलाइंस के प्रवक्ता की ओर से साइबर हमले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए टिकटों की बिक्री को रोक दिया गया है। यात्रियों को हो रही असुविधा के लिए एयरलाइंस को खेद है। जापान एयरलाइंस देश की दूसरी सबसे बड़ी विमानन कंपनी है।