छत्तीसगढ़ में माओवाद विरोधी अभियानों की प्रगति पर चर्चा, बस्तर बाढ़ राहत कार्यों की दी जानकारी
नई दिल्ली, 2 सितंबर 2025: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में चल रहे माओवाद विरोधी अभियानों की उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की। मुलाकात में केंद्रीय गृहमंत्री ने कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर 21 दिन तक चले ऐतिहासिक नक्सल ऑपरेशन में शामिल जवानों का सम्मान किया और उनके साहस की सराहना की। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक सुरक्षा बलों ने 453 माओवादियों को न्यूट्रलाइज किया, 1616 को गिरफ्तार किया और 1666 ने आत्मसमर्पण किया है। इस दौरान 65 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए और सड़क, पुल-पुलिया व मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से हुआ है।
सीएम साय ने बस्तर में हाल की बाढ़ आपदा पर भी चर्चा की, जिसमें राहत और पुनर्वास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री, स्वास्थ्य सुविधाएं और विस्थापितों के लिए आश्रय की व्यवस्था प्राथमिकता से की जा रही है। इसके लिए विशेष पैकेज और संसाधन भी जुटाए जा रहे हैं।
गृहमंत्री शाह ने कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर अप्रैल-मई 2025 में चले अभियान की सराहना की, जिसमें 31 नक्सलियों को न्यूट्रलाइज किया गया। यह ऑपरेशन बीजापुर जिले की नक्सलियों के सुरक्षित गढ़ मानी जाने वाली पहाड़ियों पर सुरक्षा बलों की बड़ी जीत थी। शाह ने इसे सुरक्षा, विकास और शांति की दिशा में मील का पत्थर बताया।
मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री को आश्वस्त किया कि माओवाद के पूर्ण उन्मूलन तक अभियान जारी रहेंगे। साथ ही, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाओं को बढ़ाकर स्थायी शांति स्थापित की जाएगी।