गुजरात के मोरबी शहर में रविवार को मच्छु नदी पर पुल टूट जाने से सैकड़ों लोग नदी गिर गए। हादसे में 100 से अधिक लोगों की मौत हुई है, साथ ही सैकड़ों लोग घायल हैं। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल मोरबी सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां मोरबी ब्रिज गिरने से घायल हुए मरीजों को भर्ती कराया गया है।
यहां सीएम ने मरीजों की हालत का जायजा लिया। राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सीएम पटेल मोरबी पहुंचने के बाद गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी के साथ नदी तट पर पहुंचे और अधिकारियों से जारी बचाव अभियान की जानकारी ली। वहीं कई घायल मरीजों से मुख्यमंत्री ने बात भी की।
इसके बाद हादसे में घायल लोगों ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और मंत्री सांघवी को अपनी आपबीती सुनाई। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि पुल गिरने से घायल हुए लोगों के इलाज के लिए सिविल अस्पताल में एक आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है।
पोलिश विदेश मंत्री ने शोक व्यक्त किया
पोलैंड के विदेश मंत्री, जबिग्न्यू राऊ ने गुजरात में मोरबी पुल ढहने की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि गुजरात का पोलिश-भारतीय संबंधों में एक विशेष स्थान है। पोलिश विदेश मंत्री ने ट्विटर पर कहा कि गुजरात के मोरबी में हुई त्रासदी के लिए भारत के राष्ट्र के प्रति मेरी गहरी और गंभीर संवेदना है। इस शहर का पोलिश-भारतीय संबंधों में एक विशेष स्थान है। साथ ही मंत्री ने भारत और पोलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंधों की सराहना की।