नई दिल्ली, 28 दिसंबर 2024, शनिवार। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने का फैसला किया है। सरकार ने कांग्रेस पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। सरकार ने स्मारक पर लिए गए फैसले से कांग्रेस को अवगत करा दिया है, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि स्मारक निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान ढूंढने में कुछ दिन का समय लगेगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और मनमोहन सिंह के परिवार को सूचित किया है कि सरकार स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी। हालांकि, इसमें कुछ वक्त लगेगा। गृहमंत्रालय ने कहा है कि स्मारक बनाने के लिए ट्रस्ट का गठन करना होगा और उसे जगह आवंटित करनी होगी। इस बीच पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार और अन्य औपचारिकताएं की जा सकती हैं।
कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि अंतिम संस्कार और स्मारक के लिए उपयुक्त स्थान का चयन न करके जानबूझकर देश के पहले सिख प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अपमान किया गया। कांग्रेस ने यह आरोप तब लगाया, जब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने घोषणा की कि मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार की सुबह 11.45 बजे नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।