नई दिल्ली, 2 फरवरी 2025, रविवार। बिहार के मुजफ्फरपुर में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘पूअर लेडी’ कहने वाले बयान पर दर्ज किया गया है। सुधीर ओझा नामक एक वकील ने शनिवार को सीजीएम कोर्ट में यह शिकायत दी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। मामले की सुनवाई 10 फरवरी को होगी।
याचिकाकर्ता सुधीर ओझा ने बताया कि सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपमानित करने की कोशिश की है। बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद सोनिया गांधी ने उन पर जो टिप्पणी की, वह बेहद आपत्तिजनक थी। ओझा ने कहा कि राष्ट्रपति जी महिला हैं और आदिवासी समुदाय से आती हैं, उनके खिलाफ यह टिप्पणी आपत्तिजनक है।
इसके अलावा, याचिकाकर्ता ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा को भी सह-आरोपी बताया है और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।