नई दिल्ली, 13 मार्च 2025, गुरुवार। दिल्ली के महिपालपुर इलाके में एक होटल में एक ब्रिटिश महिला के साथ छेड़छाड़ और बलात्कार का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और ब्रिटिश उच्चायुक्त को घटना के बारे में सूचित कर दिया है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (दक्षिण-पश्चिम) सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि ब्रिटिश नागरिक एक महीने पहले भारत आई थी और महाराष्ट्र में ठहरने के बाद गोवा चली गई थी। मंगलवार को वह अपने इंस्टाग्राम दोस्त 24 वर्षीय कैलाश से मिलने के लिए दिल्ली आई थी।
अधिकारी ने बताया कि होटल की लिफ्ट में एक सफाई कर्मी ने उससे छेड़छाड़ की। इसके बाद होटल के कमरे में कैलाश ने उससे बलात्कार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। दोनों कथित घटनाओं के सिलसिले में अलग अलग मामले दर्ज किए गए हैं। दोनों का एक दूसरे से संबंध नहीं है। मामले की जांच के लिए सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के नेतृत्व में और डीसीपी की देखरेख में एक विशेष टीम बनाई गई है। पुलिस ने आरोपी का फोन जब्त कर लिया है और इस बात की भी जांच करेगी कि क्या उसने सोशल मीडिया पर किसी अन्य महिला से संपर्क किया है।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) (दक्षिण-पश्चिम) सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि ब्रिटिश महिला ने डेढ़ महीने पहले सोशल मीडिया मंच पर आरोपी से पहली बार बात की थी और उसके बाद वे अक्सर बात करते रहे। बलात्कार का आरोपी कैलाश ठीक से अंग्रेजी में बात नहीं कर पाता था और वह महिला से बातचीत के लिए कुछ अनुवाद ऐप्लिकेशन का इस्तेमाल करता था। उन्होंने बताया कि जब ब्रिटिश महिला भारत आई तो उसने और आरोपी ने दिल्ली में एक-दूसरे से मिलने की योजना बनाई। पीड़िता गोवा से दिल्ली आई और महिपालपुर के होटल में एक कमरा बुक किया। अधिकारी ने बताया कि महिला ने आरोप लगाया कि जब आरोपी उससे मिलने आया तो उसने उससे बलात्कार किया। पुलिस की टीम घटनाक्रम का पता लगाने के लिए होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं।