जौनपुर, 19 अक्टूबर 2024, शनिवार। सीमा हैदर जब भारत आई तो कई तरह के सवाल उठे। कई तरह के विवाद के बाद अब उन्हें स्वीकार कर लिया गया और वह परिवार के साथ गौतमबुद्ध नगर के रबुपुरा में रह रही हैं। इसी बीच भारत और पाकिस्तान के बीच एक अनोखी शादी हुई, जहां जौनपुर के भाजपा नेता के बेटे ने पाकिस्तान की लड़की से ऑनलाइन निकाह किया। इस शादी की भी खूब चर्चा हो रही है। आखिर भाजपा नेता के बेटे की शादी पाकिस्तानी लड़की के साथ ऑनलाइन क्यों हुई?
जौनपुर के मखदूमशाह अढहन के रहने वाले बीजेपी पार्षद तहसीन शाहिद ने एक साल पहले अपने बड़े बेटे मोहम्मद अब्बास हैदर की शादी लाहौर की अंदलीब जहरा से तय की थी। शादी को लेकर दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था और तैयारी ज़ोरों पर थी, वीजा न मिलने के बाद परिवार पाकिस्तान नहीं जा पाया। इसके बाद दोनों परिवार की मौजूदगी में इंटरनेट पर दोनों ने शादी कर ली। अब परिवार को पाकिस्तान से बहू लाने का इंतजार है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ऑनलाइन निकाह के लिए 18 अक्टूबर को बारात निकली, घोड़े और रोड लाइट आदि की व्यवस्था की गई थी। बड़ी टीवी स्क्रीन पर दोनों पक्ष के लोग दिखाई दे रहे थे। इसके बाद दोनों तरफ के मौलानाओं ने निकाह करवाया, दूल्हा पक्ष से शिया धर्म गुरु मौलाना महफूजुल हसन खान शामिल हुए थे। शादी के बाद दूल्हा मोहम्मद अब्बास हैदर और तहसीन शाहिद ने प्रधानमंत्री से अपील की है कि उन्हें पाकिस्तान जाकर अपनी दुल्हन और बहू को लाने की आज्ञा दी जाए।