N/A
Total Visitor
32.4 C
Delhi
Friday, June 27, 2025

BJP ने कहा- लिंगायतों पर चुनाव के दौरान कांग्रेस को आता है प्यार

कर्नाटक में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उसका कहना है कि कांग्रेस ने दक्षिणी राज्य में राजनीतिक रूप से प्रभावशाली लिंगायत समुदाय के मतदाताओं को नजरअंदाज किया और उनके साथ धोखा किया है।

फूट डालो और राज करो की नीति

मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कर्नाटक में लिंगायत मतदाता सतर्क हैं। उन्होंने हमेशा सही निर्णय लिया है। विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद कांग्रेस ने उनके लिए विशेष प्रेम दिखाया है। यह वही पार्टी थी, जिसने लिंगायतों और वीरशैवों को विभाजित करने की कोशिश की थी। लोग कांग्रेस पार्टी की फूट डालो और राज करो की नीति को नहीं भूले हैं।

बोम्मई ने कहा कि कांग्रेस चुनाव के दौरान लिंगायतों पर विशेष प्यार जताती है। गौरतलब है, मुधोल में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भी लिंगायतों के लिए आरक्षण का विरोध किया था।

सिद्धारमैया पर पीएफआई के संरक्षक होने का आरोप

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी कांग्रेस पर वार किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर पीएफआई के संरक्षक होने का आरोप लगाया। नड्डा ने हुबली में कहा कि कांग्रेस के सिद्धारमैया ने पीएफआई के खिलाफ मामले वापस ले लिए। वहीं पीएफआई के 1,700 कार्यकर्ताओं को जेल से रिहा किया। सिद्धारमैया उनके संरक्षक हैं। बता दें, केंद्र ने पिछले साल सितंबर में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) पर प्रतिबंध लगा दिया था।

जगदीश शेट्टार कांग्रेस में शामिल

कांग्रेस ने मंगलवार को शिगगांव से मुख्यमंत्री बोम्मई के खिलाफ अपने उम्मीदवार की घोषणा की। पार्टी ने इस सीट से मोहम्मद यूसुफ सवानूर को मैदान में उतारा है। पार्टी ने मंगलवार को सात उम्मीदवारों की घोषणा की और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार को हुबली-धारवाड़-मध्य से मैदान में उतारा।

भाजपा से जगदीश शेट्टार के इस्तीफे और सोमवार को कांग्रेस में शामिल होने से हुबली-धारवाड़ सेंट्रल पर सबकी निगाहें टिक गई हैं। छह बार के विधायक शेट्टार ने निवर्तमान विधानसभा में इस सीट का प्रतिनिधित्व किया था और निर्वाचन क्षेत्र से टिकट दिए जाने के इच्छुक थे। वह लिंगायत समुदाय के दूसरे वरिष्ठ नेता हैं जो सत्तारूढ़ भाजपा को छोड़कर एक सप्ताह से भी कम समय में कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।

आज 24 घंटे बिजली की आपूर्ति

नड्डा ने कहा कि चाहे केंद्र की सरकार हो या कर्नाटक की, केवल भाजपा ही है, जिसकी नीतियां गरीब हितैषी, मजदूर हितैषी, किसान हितैषी और महिला हितैषी हैं। यह देखते हुए कि भारत बिजली की खपत में तीसरे और अक्षय ऊर्जा की खपत में छठे स्थान पर है, उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया या कांग्रेस के शासन के दौरान बिजली कटौती होती थी, लेकिन आज 24 घंटे बिजली की आपूर्ति होती है। हमने सुनिश्चित किया है कि बिजली कटौती न हो, उसी तरह आप भी सुनिश्चित करें कि भाजपा की सत्ता बरकरार रहे।

मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में बढ़ रहा भारत

नड्डा ने मजबूत अर्थव्यवस्था के लिए मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत एक मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में बढ़ रहा है। देश की सकल घरेलू उत्पाद की विकास दर 7.4 प्रतिशत है। हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लिए 200 से अधिक वर्षों तक शासन करने वाले अंग्रेजों से आगे निकल आए हैं।

जेपी नड्डा गुरुसिद्ध राजयोगेंद्र स्वामी से मिले

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कर्नाटक के हुबली में मूरुसवीर मठ के गुरुसिद्ध राजयोगेंद्र स्वामी से मुलाकात की है। इस दौरान नड्डा ने स्वामी से पैर छूकर आशीर्वाद लिया।मेरे लिए सीएम बनना महत्वपूर्ण नहीं: विजयेंद्र

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे और शिकारीपुर से भाजपा उम्मीदवार बीवाई विजयेंद्र ने कहा कि मेरे लिए सीएम बनना महत्वपूर्ण नहीं है

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र को भाजपा ने हाल ही में शिकारीपुर से उम्मीदवार के रूप में खड़ा किया है। इस पर भाजपा उम्मीदवार विजयेंद्र ने कहा कि मेरे लिए सीएम बनना महत्वपूर्ण नहीं है। पार्टी ने मुझ पर अपना विश्वास जताया है। इसलिए मेरे लिए जरूरी यह है कि मुझे पार्टी के लिए काम करना है।

बीवाई विजयेंद्र ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होने कहा कि लिंगायत समुदाय को किसने धोखा दिया है, सभी जानते हैं। पूरा लिंगायत समुदाय और अन्य समुदाय भाजपा के साथ हैं।

बेटे पर है पूरा भरोसाः येदियुरप्पा

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने अपने बेटे विजयेंद्र पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि मुझे कोई संदेह नहीं है कि हम पूर्ण बहुमत प्राप्त करेंगे। साथ ही कर्नाटक में सरकार बनाएंगे। इसे कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि विजयेंद्र 50,000 मतों के अंतर से जीतेंगे।

newsaddaindia6
newsaddaindia6
Anita Choudhary is a freelance journalist. Writing articles for many organizations both in Hindi and English on different political and social issues

Advertisement

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

2,300FansLike
9,694FollowersFollow
19,500SubscribersSubscribe

Advertisement Section

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_img

Latest Articles

Translate »