प्रयागराज में महाकुंभ में संगम पर डुबकी लगाने वाले भाजपा नेताओं पर टिप्पणियों के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की भाजपा ने आलोचना की है। पार्टी ने उनकी टिप्पणियों को सनातन विरोधी बताया और राहुल गांधी व सोनिया गांधी की ओर से माफी की मांग की।
दरअसल, मध्य प्रदेश के महू में ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने आरोप लगाया था कि भाजपा नेता कैमरों के लिए संगम में डुबकी लगाने के लिए एक दूसरे से होड़ कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया था कि क्या उनके डुबकी लगाने से देश से गरीबी मिट जाएगी। साथ ही कहा था कि अगर कोई आहत हुआ है तो वह माफी मांगते हैं।
खरगे की टिप्पणी से नया विवाद
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने यह टिप्पणी उस दिन आई जिस दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संगम में डुबकी लगाई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने खरगे पर महाकुंभ के प्रति लोगों की श्रद्धा का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया और कहा कि यह हजारों वर्षों से सनातन आस्था का प्रतीक रहा है।