आगरा, 1 जनवरी 2025, बुधवार। आगरा पुलिस ने आरएसएस पदाधिकारी के घर लूट के प्रयास की वारदात को महज 24 घंटे के अंदर खोल दिया। घर में लूट का प्रयास करने वाले चारों बदमाशों को राजस्थान बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया। इस घटना में संघ पदाधिकारी का पूर्व नौकर भी शामिल था।
29 दिसंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे तीन बदमाशों ने गिरिराज किशोर के घर धावा बोला था। उस समय घर में उनकी पुत्रवधू और बच्चे मौजूद थे। घर में शोर शराबा होने के कारण बदमाशों को अपनी योजना में सफलता नहीं मिल पाई। वह केवल कुछ ही समान घर से ले जा सके थे।
एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि आरएसएस पदाधिकारी गिरिराज किशोर के पूर्व नौकर अयान ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। अयान के साथ लोकेंद्र कुशवाह, अमन और आदित्य शामिल थे। इस घटना में एक बाल अपचारी भी है जो कि पुलिस की गिरफ्त में आया है।
पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कई टीम में गठित की। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चारों अभियुक्त खेरागढ़ क्षेत्र के कुसियापुर राजस्थान बॉर्डर के पास है। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।