नई दिल्ली, 12 फरवरी 2025, बुधवार। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली परिवहन विभाग में व्यापक भ्रष्टाचार के आरोप में छह अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह गिरफ्तारी सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के हाल में दिल्ली विधानसभा चुनाव हारने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में पहली बड़ी कार्रवाई है।
सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी को विभाग में व्यापक भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों की निगरानी और सत्यापन करने के बाद, प्रथम दृष्टया विभिन्न स्तरों पर भ्रष्टाचार के संकेत मिले, जिसके परिणामस्वरूप ये गिरफ्तारियां हुईं।
यह कार्रवाई दिल्ली परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई की जांच का हिस्सा है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।