भोपाल, 21 दिसंबर 2024, शनिवार। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष अब अपना इनकम टैक्स खुद भरेंगे। यह निर्णय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर लिया गया है, जिसके तहत पहले मंत्रियों और अब विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष ने अपना आयकर स्वयं भरने की घोषणा की है।
इसे नियम में लाने के लिए विधानसभा में संसदीय कार्य विभाग द्वारा प्रस्तुत संशोधन विधेयक को सर्वसम्मति से पारित किया गया है। संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष वेतन भत्ता संशोधन विधेयक प्रस्तुत किया था।
कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि नियम बनाकर इसे बंधनकारी नहीं बनाया जाना चाहिए। यह अध्यक्ष के विवेक पर छोड़ा जाएगा कि आयकर वह स्वयं भरना चाहते हैं या सरकार भरे। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्य सचिव का वेतन अध्यक्ष से भी ज्यादा है, इसलिए सरकार को अध्यक्ष की सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए।