नई दिल्ली, 20 फरवरी 2025, गुरुवार। दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को आश्वासन दिया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक वित्तीय सहायता प्रदान करने के अपने चुनावी वादे को पूरा करेगी। गुप्ता ने कहा कि मासिक सहायता की पहली किस्त आठ मार्च तक पात्र महिलाओं के खातों में जमा कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अपने वादों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को साकार करना राष्ट्रीय राजधानी के सभी 48 भाजपा विधायकों की जिम्मेदारी है। हम महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता सहित अपने सभी वादों को निश्चित रूप से पूरा करेंगे। महिलाओं को आठ मार्च तक उनके खातों में रकम निश्चित ही पहुंचा दी जाएगी।” हर साल आठ मार्च का दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है।