पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के बीच आज शीत सत्र का पहला दिन शुरू होने जा रहा है। इस मौके पर कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। गौरतलब है, मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। मध्य प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत पाकर 163 सीटें जीतने में सफल रही। वहीं राजस्थान में भाजपा को 115 सीटों पर जीत मिली। छत्तीसगढ़ में भाजपा 54 सीटें जीतकर सत्ता कब्जाने में सफल रही है। वहीं, तेलंगाना में कांग्रेस को 64 सीटों पर जीत मिली। मिजोरम चुनाव 2023 के लिए आज मतगणना शुरू हो गई है।
संसद के शीतकालीन सत्र के शुरू होने से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजनैतिक गर्मी बड़ी तेज से बढ़ रही है। कल चार राज्यों के चुनाव के नतीजे सामने आए। परिणाम बहुत उत्साहजनक हैं। खासकर उन लोगों के लिए उत्साहजनक हैं जो देश के आम लोगों के कल्याण और देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध हैं।
तीन राज्यों के चुनावों में भाजपा की जीत पर सीपीआईएम सांसद इलामारम करीम कहते हैं, ‘मुझे नहीं लगता कि यह मोदी का जादू है। यह धर्मनिरपेक्ष विपक्षी दलों के बीच एकता नहीं होने का कारण है। यह कांग्रेस के लिए एक सबक है जो विपक्षी एकता का नेता है।’
संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, ‘यह शीतकालीन सत्र का पहला दिन है। अगर विपक्ष किसी मुद्दे पर चर्चा चाहता है तो वे नोटिस दे सकते हैं। लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति जो भी मुद्दे तय करेंगे, सरकार उन सभी पर चर्चा के लिए तैयार है।’