वाराणसी, 10 अक्टूबर 2024, गुरुवार। दिवाली से पहले गंगा टाउन स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू होने की संभावना है। दिवाली 31 अक्टूबर को पड़ रही है। इसके बाद कार्तिक पूर्णिमा पर 15 नवंबर को देव दीपावली मनाई जाएगी। इसे देखते हुए नगर निगम एक साथ दो लक्ष्य साधेगा। गंगा टाउन सर्वेक्षण में पहले पायदान पर आने के लिए ठोस कार्य योजना बनाकर काशी के अनूठे जल-उत्सव के लिए भी घाटों को तैयार कर लिया जाएगा। इसके तहत गंगा घाटों की सफाई के लिए सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। मिट्टी व सिल्ट की सफाई कराई जा रही है। जल निगम को घाट किनारे सीवर की नियमित सफाई का भी निर्देश दिया गया है। घाटों व शहर के प्रमुख मार्गों पर तीन शिफ्टों में सफाई चल रही है। स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 जून से शुरू हुआ है। दो राउंड का सर्वे हो चुका है। दिवाली तक गंगा टाउन सर्वेक्षण टीम के आने की संभावना है। इसके बाद सर्वे व शौच से मुक्त (ओडीएफ) व गार्बेज फ्री सिटी (जीएफसी) का सर्वेक्षण होगा। इस प्रकार अब नवंबर-दिसंबर तक सर्वेक्षण का कार्य जारी रहेगा। इसे देखते हुए नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को अभियान चलाकर शहर में साफ-सफाई की व्यवस्था और बेहतर करने तथा कूड़ा घरों से तत्काल कचड़ा उठवाने का भी निर्देश दिया है।
कूड़ा घरों को बंद करने का लक्ष्य
नगर निगम को 2023 में गार्बेज फ्री सिटी के तहत थ्री स्टार रैकिंग मिली थी। इस बार फाइव स्टार रैकिंग के लिए आवेदन किया गया है। इसके तहत बनारस को गार्बेज फ्री सिटी बनाने का प्रयास है। इसके लिए 25 कूड़ा डंपिंग सेंटर में से आठ अपशिष्ट गृह निगम पूरी तरह विलोपित कर चुका है। पांच स्थानों पर रिफ्यूज कांपैक्टर लगाया गया है और तीन स्थानों को पोर्टेबल कांपैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (पीसीटीएस) में तब्दील किया गया है। रेवड़ीतालाब व सोनिया रोड (औरंगाबाद) के कूड़ा डंपिंग सेंटर में पीसीटीएस सिस्टम लगाने की तैयारी है। संकुल धारा कूड़ा डंपिंग सेंटर में जल्द स्टैटिक कांपैक्टर लगाया जाएगा। 16 कूड़ा घरों को अब तक विलोपित, फ्यूजी कांपैक्टर, पीसीटीएस सिस्टम में तब्दील किया जा चुका है।
तीन वार पहला व एक वार दूसरा स्थान
बनारस को बेस्ट गंगा टाउन का अवार्ड चार बार मिल चुका है। वर्ष 2020, 2021 व 2023 में वाराणसी पहले स्थान पर और 2022 में दूसरे स्थान पर था। गंगा टाउन में इस बार भी प्रथम स्थान पाने के लिए निगम ने गंगा घाटों की सफाई तेज कर दी गई है।