प्रयागराज, 8 जनवरी 2025, बुधवार। प्रयागराज के संगम की रेती पर इस बार कुंभ मेले में साधु-संतों की अलग-अलग छवियां देखने को मिल रही हैं। इन्हीं में से एक नाम है ‘बवंडर बाबा’ का, जो अपने अनोखे जनजागरूकता अभियान के लिए चर्चित हैं।
बवंडर बाबा का असली नाम विनोद सनातनी है, जो मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने 14 वर्ष की उम्र में संन्यास ले लिया था और तब से अब तक वे जनकल्याण के लिए लोगों को संदेश दे रहे हैं।
बवंडर बाबा की मुहिम का मकसद है लोगों को जागरूक करना कि हिंदू देवी-देवताओं के चित्र और प्रतिमा को पूजा पाठ के बाद कचरे में न फेंकें। उनका कहना है कि धर्म में आराध्य के चित्र प्रतिमा को विसर्जित करने के तरीके बताए गए हैं।
बवंडर बाबा ने अपनी हाईटेक बाइक पर केसरिया रंग का झंडा और जागरूकता संदेश लगाया है और अब तक 25 राज्यों का भ्रमण कर चुके हैं। उनकी मुहिम का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है कि देवी-देवताओं के चित्रों को सम्मानपूर्वक विसर्जित किया जाए।