नई दिल्ली, 20 फरवरी 2025, गुरुवार। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मंत्रिमंडल में आशीष सूद एक प्रमुख पंजाबी चेहरा हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और जनकपुरी के विधायक हैं। सूद अपने संगठन कौशल के लिए जाने जाते हैं और फिलहाल गोवा भाजपा के प्रभारी और पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई के सह-प्रभारी हैं।
सूद का राजनीतिक सफर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ से शुरू हुआ, जहां उन्होंने 1989 में छात्रसंघ का चुनाव जीता था। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) में राष्ट्रीय सचिव समेत विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने 2003 में भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के महासचिव के रूप में कार्य किया और दो साल के भीतर उसके राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बन गए।
सूद ने दिसंबर 2008 में दिल्ली प्रदेश भाजपा के सचिव के रूप में कार्य किया और अगले साल महासचिव बनाए गए। उन्हें बाद में भाजपा की प्रदेश इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वह अप्रैल 2012 में तत्कालीन दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में पार्षद चुने गए और इस निगम में सदन के नेता के रूप में कार्य किया।
सूद एक व्यापारी हैं और उनके पास वाणिज्य की डिग्री है। उन्होंने 18000 से अधिक मतों के अंतर से जनकपुरी विधानसभा सीट जीती है। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, उन्हें वरिष्ठ नेताओं का विश्वास प्राप्त है और उन्हें पहले भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। सूत्रों का कहना है कि आरएसएस के साथ उनके मधुर संबंध हैं। सूद ने बृहस्पतिवार को अपनी माता सुशीला और पिता मदन गोपाल का नाम लेते हुए मंत्री पद की शपथ ली।