N/A
Total Visitor
32.1 C
Delhi
Tuesday, June 24, 2025

दरोगा की करतूत से खाकी पर फिर बदनुमा दाग,पीड़िता के साथ छेडछाड को लेकर केस दर्ज

प्रतापगढ़, दरोगा की करतूत से खाकी शर्मसार हुई या नहीं पर बेल्हा का जर्रा जर्रा जरूर सहम उठा है। शिक्षिका के साथ छेडछाड की हद पार करने वाले दरोगा ने प्रतापगढ़ में पुलिस के मिशन शक्ति को तो पलीदा लगा ही दिया। वही यूपी में सत्ता की हनक और खाकी के रूआब पर भी वह बदनुमा दाग छोड़ गया है।
हालांकि जिले के कप्तान ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है। वहीं एसपी के निर्देश पर लालगंज कोतवाली में दरोगा के खिलाफ छेडछाड व धमकी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी दरोगा को लालगंज सिविल न्यायालय में पेश किया। यहां सिविल जज अरविन्द सिंह ने आरोपी दरोगा को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। प्रतापगढ़ में लगभग डेढ़ दशक बाद दरोगा फिर जेल के हवाले हुआ है।
शुक्रवार को जिन लोगों ने जहां भी खाकी की यह करतूत सुनीं वह दांतो तले उंगली दबा बैठे। वहीं लोगों के जहन में बीते 2010 के करीब प्रतापगढ़ में महिला अपराध को लेकर ही एक दरोगा के जेल के हवाले होने की कहानी फिर ताजा हो उठी। वहीं एक से डेढ़ दशक पूर्व लालगंज कोतवाली से भी एक आरक्षी भी छात्रा के अपहरण तथा दुष्कर्म में जेल जा चुका था। यही नही लालगंज सर्किल के एक सीओ पर भी आवास में पीड़िता के साथ छेडछाड व धमकी के मामले में तत्कालीन कप्तान जय नारायण सिंह ने सीओ को निलंबित कर केस दर्ज कराया था।
तब के पुलिस कप्तान शैलेन्द्र प्रताप सिंह की एक कविता के बोल आज भी लोगों की जुबां पर हैं-दरोगा जेल के हवाले। प्रतापगढ़ में गैर जनपद के स्थानांतरित होकर आये दरोगा रामकेवल को पुलिस कप्तान ने नबाबगंज थाने में तैनाती दी। तैनाती का आदेश मिलने पर दरोगा नबाबगंज थाने के लिए एक आटो से कूच करता है। जिला मुख्यालय के बस अडडे पर रिजर्व आटो लेकर घूम रहे दरोगा की नजर एक संभ्रान्त महिला पर पड़ गयी।
दरोगा ने उससे पूछा वह कहां जाना चाहती है। महिला ने जब बताया कि वह लालगंज जायेगी तब दरोगा ने यह कहकर वह भी लालगंज ही जा रहा है। महिला दरोगा की बदनीयती समझ न पायी और अपनी बेटी के साथ आटो पर बैठ गयी। नशे में टल्ली दरोगा की फितरत शहर पार करते ही परवान चढ़ने लगी। उसने महिला के साथ अश्लील हरकत और छेडछाड शुरू कर दिया।
पीड़िता व उसकी बेटी ने जब विरोध जताया तो दरोगा ने दोनों को चुप न रहने पर जानलेवा धमकी दी। बेबस पीड़िता किसी तरह दरोगा की नागवार ओछी हरकतों की पीड़ा सहते हुए लालगंज पहुंची। दरोगा ने रास्ते मे उसे धमकी भी दी कि मेरी बात मानती रहोगी तो तुम्हें रानी बनाकर रखूंगा वरना लाकप में बंद कर खाल खींच लूंगा। पीड़िता ने आरोपी के मुुंह से जब यह सुना कि वह थानेदार है तो आवाक रह गयी।
पीडिता लालगंज चौक पर आटो से उतरकर सीधे कोतवाली पहुंची। कोतवाली में तहरीर देकर सारा वाकिया बयां किया। दरोगा की करतूत सुनकर महकमा भी कुछ देर के लिए सन्न रह गया। जानकारी जब जिले के कप्तान तक पहुंची तो उनका पारा चढ़ गया। नाराज कप्तान ने तहरीर पर केस दर्ज करने का कड़क आदेश दिया। केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी दरोगा का मेडिकल परीक्षण कराया तो वह नशे में धुत पाया गया।
पीड़िता महिला होने के साथ शिक्षिका के रूप में एक पवित्र मिशन में सेवारत है। वह किसी धार्मिक स्थल से दर्शन पूजन कर बेटी के साथ लालगंज आ रही थी। इस घटना से शिक्षिका को मिली मानसिक प्रताड़ना तहरीर की यह लाइन खुद ब खुद बयां कर देती है-प्रार्थिनी के साथ न्याय करें तथा उसे इस संकट से बाहर निकाला जाय। यदि ऐसा नही हुआ तो प्रार्थिनी समझेगी कि विभाग से सत्य व न्याय खत्म हो गया है।
केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी दरोगा को शुक्रवार को जेल भेज दिया। इधर हर अपराधी की पकड़ के बाद शान से फोटो वायरल करने वाली कोतवाली पुलिस ने शायद खुद को भी विभागीय कर्मी की करतूत से खुद को शर्मसार समझा होगा तभी इस मामले में आरोपी की फोटो वायरल तो दूर खिंचवाना भी मुनासिब नही समझा। यह घटना जिले में महिला सुरक्षा को लेकर खुद खाकी के खौफनाक उजागर हुए चेहरे को लेकर सन्नाटे का माहौल लिये दिख रही है।
वहीं आम आवाम भी भौचक है कि रोज रोज मिशन शक्ति का पाठ पढ़ाने वाली खाकी के ऐसे कारनामे ही हैं जो लाख जतन के बाद भी आम आवाम को वर्दी पर भरोसा नहीं करने को मजबूर किये हुए है। एसपी ने आरोपी दरोगा रामकेवल को निलंबन का भी फरमान सुनाया है। वही अभी भी पीड़िता दरोगा के भयावह करतूत और धमकी को लेकर खुद तथा बेटी की आबरू को लेकर चिन्तित बतायी जा रही है।

Advertisement

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

2,300FansLike
9,694FollowersFollow
19,500SubscribersSubscribe

Advertisement Section

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_img

Latest Articles

Translate »