लखनऊ, 20 फरवरी 2025, गुरुवार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डबल इंजन की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कुंभ में भी यह सरकार टकरा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड संगम के जल को लेकर अलग-अलग आंकड़े दे रहे हैं। यादव ने कहा कि यूपी सरकार दिल्ली वालों के आंकड़ों को नहीं मान रही है। दिल्ली सरकार कह रही है कि संगम का पानी स्नान करने लायक नहीं है, तो मान कर चले कि लखनऊ वाले दिल्ली वालों को सनातनी नहीं मानेंगे। क्या लखनऊ वाले कहेंगे कि दिल्ली वाले सनातनी नहीं हैं?
उन्होंने कहा कि मैं तो मांग करूंगा कि भाजपा के नेताओं के घर संगम का पानी टंकी भर कर पहुंचाया जाए। वे उसी संगम के पानी से खाना बनाएं, स्नान करें और पीते भी रहें। यह लोग खाना, बनाने, नहाने और पीने के लिए संगम का पानी स्वीकार करें। अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी को बीओडी, सीओडी कुछ नहीं पता है। अगर पता होता तो वे सदन में जिस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं वैसा नहीं करते।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के काम करने का जो तरीका है उसके कारण पुलिस विभाग में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है। पुलिस विभाग का ऐसा भ्रष्टाचार प्रदेश के लोगों ने कभी नहीं देखा होगा। प्रदेश में हर तरह का भ्रष्टाचार चरम पर है। आज यूपी महिला अपराध में नंबर एक है। एससी-एसटी अपराध में सबसे आगे है। कस्टोडियल डेथ में सबसे ऊपर है। भाजपा सरकार बाबा साहब के संविधान के अनुच्छेद 21 की परवाह नहीं कर रही है। साइबर क्राइम में भी यूपी आगे है। थाने का भ्रष्टाचार तो सभी लोग देख रहे है।
अखिलेश ने कहा कि कुंभ की दुर्दशा सबने देखी। लोग जाम से जूझे। सड़कों पर रहें। इस सरकार ने कुंभ का राजनीतिकरण किया। साधु संत दुखी है। धर्म का काम सेवा और आस्था का है। भाजपा सरकार के लिए धर्म मुनाफा कमाने का धंधा हो गया है।