बीते हफ्ते टेलीविजन जगत से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई, जिसने न सिर्फ प्रशंसकों को बल्कि टीवी जगत के कलाकारों को भी हैरान कर दिया। नागिन 3 के अभिनेता पर्ल वी पुरी को शुक्रवार की शाम एक नाबालिग लड़की के साथ कथित रूप से रेप करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर पर्ल के साथ तस्वीर लगाकर उनका समर्थन किया और #istandwithpurl का ट्रेंड शुरू कर दिया। लेकिन वहीं पुलिस की तरफ से कई ऐसे पुख्ता सुबूत मिले हैं, जिससे इस अभिनेता के निर्दोष होने पर सवाल खड़े हो गए हैं। केस में अब तक क्या-क्या हुआ आगे की खबर में जानिए…
डीसीपी ने कहा अभिनेता के खिलाफ सबूत मिले हैं
इस मामले में वसई पुलिस के सीनियर अधिकारी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने बताया कि पर्ल वी पुरी पर लगे आरोप झूठे नहीं हैं। पीड़िता के पिता ने वर्सोवा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी यौन उत्पीड़न का शिकार हुई है। पुलिस ने कहा जब मामले की जांच की गई तो उनका नाम सामने आया है और उनके खिलाफ सबूत भी हैं। इस आधार पर ही अभिनेता को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने इस कॉन्फ्रेंस में ये भी बताया कि उन्होंने मेडिकल जांच की है और वसई पुलिस के सीनियर अधिकारी ने कहा इस अभिनेता पर लगाए गए रेप के आरोपों को साबित करने के लिए पीड़िता के पास सुबूत और गवाह दोनों हैं। उन्होंने इन सभी आरोपों को जांच पड़ताल के बाद सही बताया।
एकता कपूर ने किया था पर्ल का समर्थन
एकता कपूर ने इस खबर के बाद अपने सोशल मीडिया पर नागिन 3 अभिनेता के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उनका बचाव किया था। इस पोस्ट में निर्माता ने ये दावा किया था कि लड़की की मां से उनकी फोन पर बातचीत हुई थी। लड़की की मां ने अपने पति के द्वारा पर्ल वी पुरी पर लगाए गए इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि वो पिछले 3 साल से वो अपने पति और बेटी से अलग अपनी मां के साथ रह रहीं हैं। इसके अलावा एकता कपूर ने इस पोस्ट में ये भी लिखा कि अभिनेता के खिलाफ आरोप झूठे हैं और पिता अपने बच्चे को उसकी मां से दूर रखने के लिए ‘कहानियां’ बना रहे हैं।
टीवी के अन्य कलाकारों से भी मिला सहयोग
इस खबर ने पूरी टेलीविजन इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया है। इस बात पर कोई यकीन नहीं कर पा रहा था कि पर्ल ऐसी हरकत कर सकते हैं। इस मामले में पर्ल वी पुरी को टेलीविजन के कलाकारों से भी पूरा सहयोग मिला और अनीता हसनंदानी, अर्जुन बिजलानी, निया शर्मा, क्रिस्टल डिसूजा, रिद्धिमा पंडित, इशिता दत्ता सहित कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर इस अभिनेता के साथ तस्वीर साझा की और उनका सहयोग किया। कथित तौर पर पर्ल की गर्लफ्रेंड मानी जाने वाली करिश्मा तन्ना ने तो ये पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा कि उन्हें जमानत मिल गई है।
अभी पुलिस हिरासत में हैं पर्ल वी पुरी
शुक्रवार को गिरफ्तार करने के बाद शनिवार की देर शाम उन्हें न्यायालय में पेश किया गया जहां वसई सत्र की न्यायधीश द्वारा पर्ल वी पुरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है