N/A
Total Visitor
32.6 C
Delhi
Friday, July 4, 2025

2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर आप पार्टी उत्तराखंड में काफी सक्रिय

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज फिर देहरादून पहुंचे हैं। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बड़ी घोषणा की। उन्होंने एलान किया कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव में आप पार्टी से कर्नल अजय कोठियाल(सेवानिवृत्त ) सीएम पद का चेहरा होंगे। वहीं, उन्होंने दूसरी घोषणा करते हुए कहा कि हम उत्तराखंड को पूरी दुनिया के हिंदुओं के लिए आध्यात्मिक राजधानी बनाएंगे।

केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले मनीष सिसौदिया देहरादून आए थे। उन्होंने कहा था कि इस पर हम जनता की राय जानेंगे। हमनें प्रदेश की जनता से सुझाव लिए हैं। आप से सीएम कैंडिडेट किसे बनाना चाहिए इस पर लोगों का बेहतरीन जवाब आया है। लोगों ने कहा कि जब से उत्तराखंड बना है तो कुछ पार्टी और नेताओं ने उत्तराखंड को लूट लिया। अब हमें पार्टियां नहीं बल्कि देशभक्त फौजी चाहिए। बहुत बड़े स्तर पर लोगों ने कहा कि इन पार्टियों के भरोसे उत्तराखंड आगे नहीं बढ़ सकता। हमें कर्नल अजय कोठियाल ही चाहिए। यह निर्णय आप पार्टी ने नहीं बल्कि यहां की जनता ने लिया है।

कहा कि कर्नल कोठियाल वो शख्स हैं, जिन्होंने अपनी जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा की। जब उत्तराखंड के नेता इस प्रदेश को लूट रहे थे, तब यह शख्स सीमा पर देश की हिफाजत में लगा था। कुछ साल पहले केदारनाथ आपदा आई थी। तब इस शक्स ने अपनी टीम के साथ मिलकर केदारनाथ का पुनर्निर्माण किया था, अब इन्होंने उत्तराखंड के नवनिर्माण का बीड़ा उठाया है।

हम उत्तराखंड को देवभूमि कहते हैं। यहां इतने तीर्थ स्थान हैं। कितने देवी देवताओं का वास है यहां। पूरी दुनिया से हिन्दू यहां श्रद्धा के साथ दर्शन करने आते हैं। कर्नल कोठियाल को केदारनाथ में काम की वजह से लोग भोले का फौजी भी कहते हैं।

मेरे लिए गर्व और सम्मान का दिन है- कर्नल कोठियाल
सीएम पद के चेहरे की घोषणा के बाद कर्नल कोठियाल ने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल जी मुझे खुद जिम्मेदारी दी रहे हैं तो मेरे लिए यह काम आसान नहीं है। मैंने बहुत बड़े चैलेंज देखे हैं। फौज में फ्रंट लाइन में जाकर दुश्मन के छक्के छुड़ाए। यहां की फ्रंट लाइन है राजनीतिक फील्ड। मैं कोई नेता नहीं और न ही कोई ऐसी राजनीति जनता हूं।

जब सरकार ने 2014 मार्च से हमें केदारनाथ पुनर्निर्माण का काम दिया था तब महिला शक्ति ने उस समय अपने बच्चों को बोला था कि अगर ये कर्नल केदारनाथ जाना चाहता है तो तुम क्यों नहीं। शुरू में मुझे नहीं पता था कि इसका नाम यूथ फाउंडेशन बनेगा लेकिन धीरे-धीरे युवाओं ने इसे आगे बढ़ा दिया।

उत्तराखंड के आंदोलनकारियों और महिलाओं ने जो संघर्ष किया था। तब मैंने केजरीवाल की सरकार का मॉडल देखा। उनका गवर्नेंस मॉडल मैंने फॉलो करना शुरू किया। तब सोचा कि अगर मैं भी यहां विकास के लिए काम करूंगा तो निश्चित तौर पर सब साथ आएंगे।

हम उत्तराखंड में जगह जगह जाकर भ्रमण कर रहे हैं। अब केवल उत्तराखंड के नवनिर्माण की बात करनी है। मैं केजरीवाल जी को ये आश्वासन देता हूं कि जिस तरह से आपने उत्तराखंड को गंभीरता से लिया है। आप यहां आ रहे हैं। इससे हम भी आगे बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि मुझे बोला जाता है कि आप रोजगार पर जोर दीजिये। केजरीवाल जी का फोकस रोजगार पर है। हम इस पर काम कर रहे हैं। जल्दी ही हम अपने अभियान के जरिए सबको समझाएंगे कि किस तरह से रोजगार देंगे।

कहा कि मैं शादीशुदा नहीं हूं। अगर मैं आर्मी में होता तो शायद ब्रिगेडियर बन गया होता। मुझे यहां इस नई तरह की राजनीति में मजा आ रहा है। मुझे फेल मत होने देना आप पार्टी को उत्तराखंड में विकास का मॉडल तैयार करने के लिए इंडियन आर्मी की शार्ट सर्विस कमीशन की तरह बस छह माह का समय दीजिए।

देहरादून में रोड शो भी करेंगे केजरीवाल
बता दें कि केजरीवाल करीब 11 बजे वे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे थे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया जिसके बाद केजरीवाल सीधे बीजापुर गेस्ट हाउस गए थे। 2.30 बजे वे सर्वे चौक स्थित आईटीडीआर ऑडिटोरियम में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेंगे। इसके बाद घंटाघर स्थित स्व. इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दिलाराम चौक तक रोड शो करेंगे।

बता दें कि 2022 के चुनाव को लेकर आप उत्तराखंड में काफी सक्रिय है। पार्टी पहले ही सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान कर चुकी है। अब संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए पार्टी काम कर रही है। 11 जुलाई को केजरीवाल ने दून आकर ऊर्जा क्षेत्र में 300 यूनिट मुफ्त बिजली का एलान कर चार बातों की गारंटी दी थी। जिसमें किसानों को मुफ्त बिजली, पुराने बिल माफ और 24 घंटे बिजली भी शामिल थी।

इस दौरान केजरीवाल ने हर महीने उत्तराखंड आकर अलग-अलग मुद्दों पर पार्टी की नीतियों को सामने रखने का वादा किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि कि अगली बार आऊंगा तो मुख्यमंत्री का नाम भी बताऊंगा।

 

newsaddaindia6
newsaddaindia6
Anita Choudhary is a freelance journalist. Writing articles for many organizations both in Hindi and English on different political and social issues

Advertisement

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

2,300FansLike
9,694FollowersFollow
19,500SubscribersSubscribe

Advertisement Section

- Advertisement -spot_imgspot_imgspot_img

Latest Articles

Translate »