अपराध शाखा पुलिस ने लड़की बन अश्लील फिल्म बनाकर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर दो बदमाशों को सुभाष चौक, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान राजस्थान स्थित भरतपुर निवासी समयदीन (28) और अलवर निवासी मुनफेड (26) के रूप में हुई।
आरोपियों के 14 बैंक खातों का पता चला है। एक बैंक खाते की डिटेल खंगालने से पता लगा कि आरोपी 200 से ज्यादा लोगों से ठगी कर चुके हैं। अन्य बैंक खातों की डिटेल खंगालने पर पीड़ितों की संख्या लगभग हजार में भी हो सकती है। पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर दस-दस हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था।
आरोपी लड़की के नाम से फेसबुक पर आईडी बनाते थे। फिर लोगों से दोस्ती करते थे। दोस्ती होते ही ये पीड़ितों के व्हाट्स एप नंबर शेयर कर लेते थे। इसके बाद पीड़ित से लड़की की आवाज में बात करते थे। लड़की की आवाज निकालने के लिए चाइनीज हैंड सेट का इस्तेमाल करते थे। इसके बाद पीड़ित को व्हाट्स एप कॉल कर अश्लील बातें करते थे। अश्लील फिल्में भी दिखाते थे। इसके बाद पीड़ित के कपड़े उतरवा लेते थे। इसके बाद स्क्रीन रिकार्डिंग एप से रिकार्डिंग कर लेते थे। फिर पीड़ित से कहते थे कि उसकी अश्लील वीडियो बन गई है और उसे मोटी रकम देनी होगी, नहीं तो सोशल मीडिया पर शेयर कर देंगे। मजबूरी में पीड़ित इनको पैसे दे देता था।