राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। गुजरात के दाहोद में गहलोत ने कहा कि भाजपा ने एक कृत्रिम आभा पैदा की थी, जो अब खत्म हो रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को गुजरात के आगामी चुनाव के लिए प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं।
गहलोत ने आगे कहा कि जनता भाजपा की चाल समझ गई है। कांग्रेस ने लोकतांत्रिक चुनाव को जिंदा रखा है, जबकि भाजपा फासीवाद में विश्वास करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह लोकतंत्र का मुखौटा लगाकर चुनाव लड़ती है।उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता पर हमारे शासन का अच्छा प्रभाव पड़ा है। मैं चाहता हूं कि गुजरात में भी कांग्रेस को मौका मिले। हम राज्य को सुशासन देना चाहते हैं और लोगों को कांग्रेस और भाजपा के कामकाज के बीच अंतर दिखाना चाहते हैं।
भीलवाड़ा में स्टांप पर लड़कियों की नीलामी पर यह बोले सीएम
राजस्थान के भीलवाड़ा में स्टांप पेपर पर लड़कियों की नीलामी की मीडिया रिपोर्ट पर गहलोत ने कहा कि यह घटना 2005 की है जब बीजेपी राज्य में सत्ता में थी। 2019 में हम सत्ता में आए और इसका पर्दाफाश किया। मामले में 21 आरोपी गिरफ्तार किए हैं। तीन की मौत हो गई है और एक फरार है। दो बच्चियों की मौत हुई है, जबकि बाकी को मुक्त कराकर अपने घर चले गए। इसे राष्ट्रीय समाचार में बदल दिया गया।