छत्तीसगढ़ में चल रही ईडी की कार्रवाई के बीच राजनीतिक हंगामा भी जारी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग वाले बयान के बाद अब भाजपा ने निशाना साधा है। BJP प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि भ्रष्टाचार की जांच पूरी होने से पहले ही CM बघेल क्लीन चिट क्यों दे रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों के काम में अड़ंगा लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार को समर्थन और संरक्षण दिया जा रहा है। वहीं कांग्रेस ने कहा है कि ईडी ने 95 फीसदी मामले विपक्षी नेताओं पर ही दर्ज किए हैं, लेकिन पार्टी बदलते ही सब सदाचारी हो जाते हैं।
मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के रक्षक बने
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि साल 2020 में इनकम टैक्स विभाग ने राज्य सरकार को जानकारी भेजी थी। इस पर सरकार ने कार्रवाई नहीं की, बल्कि छापे का विरोध करते हुए राजभवन जाकर आपत्ति जताई। जबकि इस छापे में करोड़ों की टैक्स चोरी पकड़ी गई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भ्रष्टाचार की पोषक के तौर पर उभरी है। भ्रष्टाचारी छत्तीसगढ़ को दीमक की तरह चट कर रहे हैं और मुख्यमंत्री उनके रक्षक बनकर सामने आ रहे हैं। उनका आगे आना अनैतिक है। यह जाहिर हो रहा है कि दाल में काला नहीं, बल्कि पूरी दाल ही काली है।