कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर भारतीय जनता पार्टी हमलावर है। आए दिन इस यात्रा को लेकर भाजपा नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं। अब भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने भारत जोड़ो यात्रा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसे नफरत जोड़ो अभियान करार दिया है।
राहुल गांधी और कांग्रेस पर तंज कसते हुए भाजपा नेता ने कहा, आज कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा का पोस्टर ब्वॅाय जॉर्ज पोन्नैया को बनाया है। यह वही व्यक्ति है, जो हिंदुओं को धमकाता है और भारत माता के खिलाफ अपमानजनक शब्द कहता है। शहजाद पूनावाला ने कहा, कांग्रेस पार्टी का हिंदू विरोधी होने का लंबा इतिहास है। राहुल गांधी नफरत जोड़ो अभियान में लगे हुए हैं।
कौन हैं जॉर्ज पोन्नैया
जॉर्ज पोन्नैया पादरी हैं और कई विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में रह चुक हैं। पिछले साल जुलाई में जॉर्ज पोन्नैया को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ विवादित टिप्पणी देने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। बता दें, यात्रा के दौरान जॉर्ज पोन्नैया का राहुल गांधी के साथ एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वह यीशु को असली भगवान बता रहे हैं।
पात्रा ने भी साधा निशाना
भाजपा नेता संबित पात्रा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ऐसा पहली बार नहीं है। कई बार ऐसे मौके आए हैं, जब सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने हिंदू धर्म के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है। चाहें वह भगवान राम का सबूत मांगना रहा हो या मां शक्ति का मुद्दा। पात्रा ने कहा, राहुल गांधी तमाशा करने चुनाव के समय मंदिरों में जाते हैं। जब चुनाव खत्म हो जाते हैं तो तो राहुल गांधी का तमाशा खत्म हो जाता है और उनका असली चेहरा सबके सामने आ जाता है।
राहुल की टी-शर्ट को लेकर भी खड़े हुए थे सवाल
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा था। पार्टी ने दावा किया था कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान उन्होंने जो टी-शर्ट पहनी हुई थी, उसकी कीमत 41,000 रुपये से ज्यादा थी। इस पर कांग्रेस ने पलटवार भी किया। कांग्रेस ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में उमड़े जनसैलाब से भाजपा घबरा गई है।
भाजपा ने अपने ट्विटर हैंडल से ‘भारत देखो’ ट्वीट किया और दो तस्वीरें पोस्ट कीं। एक तस्वीर में राहुल गांधी दिख रहे हैं जबकि दूसरी में उनके द्वारा पहनी गई शर्ट की कीमत दिखाई गई है। इसमें दावा किया गया है कि बरबेरी टी-शर्ट की कीमत 41,257 रुपये है। दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष सुनील यादव ने तंज कसते हुए ट्वीट में लिखा, “कांग्रेस के शहजादे को इस 42 हजार रूपये वाली टी-शर्ट में शायद पैदल चलते समय गर्मी कम लगती होगी या फिर महंगाई इतनी है कि बेचारे से ज्यादा महंगी नहीं खरीदी गई है।”