शादी से पहले एक्टर वरुण धवन ने शुक्रवार की रात को अपने दोस्तों को बैचलर पार्टी दी। यह पार्टी शनिवार सुबह तक जारी रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक वरुण धवन की यह पार्टी अलीबाग स्थित उसी रिजॉर्ट में हुई है, जहां रविवार को शादी होने वाली है। वरुण धवन और नताशा दलाल की फैमिली शुक्रवार शाम को ही रिजॉर्ट पहुंच गई थीं, जहां पूरा आयोजन चल रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक वरुण धवन की इस बैचलर पार्टी में उनके कुछ दोस्त शामिल थे।
पार्टी का आयोजन जहां हुआ, वह जगह उस वेन्यू से महज 5 मिनट की दूरी पर है, जहां शादी होने जा रही है। यहां तक कि बैचलर पार्टी में बज रहे म्यूजिक की आवाज मेन वेन्यू तक सुनी जा सकती थी। वरुण धवन और नताशा दलाल की शनिवार को मेहंदी सेरेमनी है। वरुण और नताशा की शादी में करण जौहर, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और कैटरीना कैफ जैसे सितारे शामिल हो सकते हैं। यही नहीं सलमान खान, जैकलीन फर्नांडीज, अर्जुन कपूर, श्रद्धा कपूर और शाहरुख खान भी आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं।
कहा जा रहा है कि धवन और दलाल फैमिली ने शादी में मेहमानों की लिस्ट ज्यादा लंबी नहीं रखी है। दरअसल वे शादी के बाद मुंबई में एक रिसेप्शन पार्टी का आयोजन करने वाले हैं। ऐसे में शादी में मेहमानों की लिस्ट लंबी नहीं रखी गई है। फिलहाल डिजाइनर मनीष मल्होत्रा और फिल्मेकर शशांक खैतान वेडिंग वेन्यू पर पहुंच चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक नताशा दलाल ने शादी का अपना लहंगा खुद ही डिजाइन किया है। नताशा दलाल पेशे से फैशन डिजाइनर हैं और वरुण धवन की बचपन की दोस्त हैं। दरअसल दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और छठी क्लास से ही एक-दूसरे को जानते थे। वरुण धवन और नताशा दलाल के परिजनों ने दोनों की शादी की पुष्टि की है, लेकिन अब तक दोनों की ओर से औपचारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। दोनों सोशल मीडिया और मीडिया की नजरों से अपने रिलेशनशिप को दूर रखते रहे हैं।