सपा का हाथ हमेशा बलात्कारियों के साथ: ब्रजलाल
अखिलेश यादव अपनी ज़िम्मेदारी से नहीं बच सकते:
दलित बेटी के बलात्कार का आरोपी है सपा के नेता का पुत्र: भाजपा सांसद
लखनऊ 11 फरवरी भारतीय जनता पार्टी के राज्य सभा सदस्य बृजलाल ने समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि उसकी समाजवादी पार्टी के चाल, चरित्र और चेहरे में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। यह बात एक बार फिर सिद्ध हो गई है।
शुक्रवार को जारी एक बयान में उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने कहा कि सपा के एक नेता का पुत्र उन्नाव की एक दलित बेटी के अपहरण और बलात्कार का आरोपी है। सपा के लिए यह कोई आश्चर्य की बात नही है। सपा के राज में बहन- बेटियाँ कभी सुरक्षित नही रहीं और अभी भी उनकी मानसिकता यही है।
उन्होंने कहा कि सपा वही पार्टी है जो बलात्कारियों के पक्ष में हमेशा खड़ी रहती है। यह वही पार्टी है, जिसके नेता बलात्कार करने वालों के पक्ष में बोलते हैं कि लड़कों से गलती हो जाती है।
भाजपा सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव ने दलित माँ की चीत्कार को अनसुना कर दिया क्योंकि बेटी का अपहरणकर्ता उनकी पार्टी के बड़े नेता का बेटा था। जैसे पिता, वैसी ही सोच पुत्र की भी है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार में बहन- बेटियाँ हमेशा असुरक्षित रही है। आरोपी रजोल सिंह 25 जनवरी को गिरफ़्तार हो चुका है। दलित बेटी की लाश बरामद हो चुकी है। हत्यारों को फ़ास्ट- ट्रैक कोर्ट में मुक़दमा चलाकर फाँसी के फंदे तक पहुँचना होगा। लेकिन अखिलेश यादव अपनी ज़िम्मेदारी से नहीं बच सकते।