समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव आखिर मुजफ्फरनगर पहुंच गए हैं। कुछ ही देर में चौधरी जयंत सिंह के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता करेंगे।
इससे पहले उन्होंने एक ट्वीट किया था। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि मेरे हैलीकॉप्टर को अभी भी बिना किसी कारण बताए दिल्ली में रोककर रखा गया है और मुजफ्फरनगर नहीं जाने दिया जा रहा है। जबकि भाजपा के एक शीर्ष नेता अभी यहां से उड़े हैं। हारती हुई भाजपा की ये हताशा भरी साजिश है। उन्होंने ट्वीट में नीचे लिखा कि जनता सब समझ रही है।
इसके बाद अखिलेश यादव ने एक और ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि सत्ता का दुरुपयोग हारते हुए लोगों की निशानी है… समाजवादी संघर्ष के इतिहास में ये दिन भी दर्ज होगा। हम जीत की ऐतिहासिक उड़ान भरने जा रहे हैं।
बता दें कि अखिलेश यादव और चौधरी जयंत सिंह को आज मुजफ्फरनगर और मेरठ में संयुक्त प्रेस वार्ता करेंगे है। दरअसल, गठबंधन और सीटों के बंटवारे के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह पहली बार मुजफ्फरनगर में एक साथ बैठेंगे। मीडिया से रूबरू होंगे और भाजपा पर सियासी हमले भी बोलेंगे। कोरोना काल के माहौल में दोनों नेताओं की यह मुलाकात महत्वपूर्ण है। इस दौरान दोनों दलों के पदाधिकारी जुटेंगे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करेंगे। दोनों नेता संयुक्त रूप से मीडिया से भी रूबरू होंगे, इसकी पुुष्टि सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने की थी।
गृहमंत्री अमित शाह के कैराना में घूमने और पलायन का मुद्दा उठाने, इसके बाद दिल्ली में जाट समाज के प्रतिनिधियों को बुलाने के बाद सियासी पारा चढ़-उतर रहा है। साफ हो चुका है कि भाजपा हिंदुत्व के मुद्दे को ही धार दे रही है। ऐसे में देखने वाली बात यह होगी कि अखिलेश और जयंत मुजफ्फरनगर से कार्यकर्ताओं को किस तरह का संदेश देते हैं। गठबंधन के बाद दोनों पहली बार एक साथ मुजफ्फरनगर में मुलाकात करेंगे।
मुजफ्फरनगर में ही जयंत कर रहे रात्रि प्रवास
रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी गुरुवार की रात मुजफ्फरनगर में ही प्रवास कर रहे हैं। शहर क्षेत्र के रालोद कार्यकर्ताओं को बुलाकर वह चुनाव की रणनीति भी तैयार कर रहे हैं।