रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को चंडीगढ़ में टर्मिनल बैलिस्टिक रिसर्च लेबोरेटरी (टीबीआरएल) पहुंचे। इस दौरान कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कभी दो कमरों से शुरू हुई यह प्रयोगशाला (टीबीआरएल) आज देश को महत्वपूर्ण रक्षा प्रौद्योगिकी और क्षमताएं प्रदान करने वाली प्रयोगशाला बन गई है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत हमेशा से एक शांतिप्रिय देश रहा है और आज भी है। किसी भी विवाद को अपनी तरफ से शुरू करना हमारे मूल्यों के खिलाफ है। लेकिन जरूरत पड़ी तो हमारा देश किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।
वहीं सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने कहा कि हमें टीबीआरएल (टर्मिनल बैलिस्टिक रिसर्च लैबोरेटरी) पर बहुत गर्व है क्योंकि आप जिस तरह का काम कर रहे हैं, उससे हमारे सशस्त्र बलों को सक्षम बनने में मदद मिलेगी। अभी हमारे सामने सीमाओं पर चुनौतियां हैं।
रावत ने कहा कि इन चुनौतियों का सामना करने के लिए हमें उच्च प्रौद्योगिकी प्रणाली की आवश्यकता है जो सभी तीन सशस्त्र बलों की क्षमता को और बढ़ा सके। हमारे प्रतिद्वंद्वी युद्ध में बहुत तेजी से प्रौद्योगिकी का उपयोग कर रहे हैं, इसलिए हमारे लिए भी उनका सामना करने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग करना आवश्यक है।