दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे।
इसके बाद उन्होंने मानसा में किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। 2022 में पंजाब में विधानसभा चुनाव हैं। आप सूबे की 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तैयारी कर रही है।
इससे पहले 2017 में आप विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा चुकी है। इस चुनाव में वह प्रमुख विपक्षी दल के रूप में उभर कर सामने आई थी। इस चुनाव में भी आप नेता सत्तासीन होने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं।
आप के राष्ट्रीय संयोजक स्वयं पंजाब का लगातार दौरा कर रहे हैं। इस माह ही वह दूसरे दौरे पर पंजाब आए हैं। पंजाब में आप के राजनीतिक मामलों के सह प्रभारी राघव चड्ढा ने बुधवार को कहा कि अपनी यात्रा के पहले दिन केजरीवाल मानसा में किसानों से मिले।
केजरीवाल शुक्रवार को बठिंडा जाएंगे और वहां कारोबारियों से मुलाकात करेंगे। चड्ढा ने कहा कि पंजाब में किसानों और व्यापारियों के लिए कठिन समय है। लगातार सरकारों ने उन्हें झूठी उम्मीदें दी है। सभी राजनीतिक दलों ने केवल उन्हें धोखा दिया है। अब वह बदलाव के रूप में आप को देख रहे हैं।