कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार (अगस्त 3, 2021) को वहाँ फिर दो अलग-अलग जगहों पर दो भाजपा कार्यकर्ताओं के शव बरामद हुए हैं। भाजपा ने इन मौतों का आरोप भी तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर लगाया है। इनमें एक केस बीरभूम का है और दूसरा मेदिनीपुर का है। भाजपा का कहना है कि TMC समर्थित गुंडों ने उनके कार्यकर्ताओं का क़त्ल किया, जबकि TMC इन आरोपों से किनारा कर रही है।
बीरभूम जिले के खोइरासोल में मिली भाजपा कार्यकर्ता की लाश के बारे में पुलिस ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता इंद्रजीत सूत्रधार की लाश उन्हें एक लंबे समय से खाली पड़ी इमारत के एक कमरे की छत से लटकी हुई मिली और उनके हाथ भी दोनों बँधे हुए थे।
दूसरा शव तपन खटुआ का है। भाजपा के 45 वर्षीय कार्यकर्ता तपन खटुआ की लाश पूर्व मेदिनीपुर जिले के एगरा इलाके में स्थित एक तालाब से बरामद हुई है। भाजपा और खटुआ के परिवार ने उनकी मौत के लिए TMC को जिम्मेदार बताया है।