हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार को हुई भारी बारिश ने तबाही मचाई है। कांगड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की वोह घाटी में बारिश से आई बाढ़ के कारण लगभग छह घर पानी में बह गए हैं। अभी तक 12 लोग लापता बताए जाए जा रहे हैं। एक महिला का शव बरामद किया गया है। महिला की पहचान मस्तो देवी पत्नी भीमो राम के रूप में हुई है। कुछ लोगों को घर से सुरक्षित निकाल लिया गया है।
वोह घाटी में जिन लोगों के घर दरिया किनारे हैं, उनको खाली करवा दिया गया है। भारी बारिश के कारण कुछ गौशालाएं भी ढह गई हैं। डीसी कांगड़ा निपुण जिंदल के आदेश के बाद एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। भूस्खलन के कारण वोह को जाने वाली सड़क भी बंद हो गई है।
भारी बारिश के कारण पैदा हुई स्थिति पर नजर रखी जा रही: पीएम
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल में भारी बारिश के कारण पैदा हुई स्थिति पर नजर रखी जा रही है। हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। मैं बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।
केंद्र ने भेजी एनडीआरएफ की टीमें, शाह ने ट्वीट कर दी जानकारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश से आई प्राकृतिक आपदा के संबंध में मैंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात की है। राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमें शीघ्र वहां पहुंच रही हैं। गृह मंत्रालय स्थिति को निरंतर मॉनिटर कर रहा है। केंद्र की ओर से हिमाचल को हर संभव मदद दी जाएगी।