उत्तराखंड में चार महीने के अंदर तीसरा मुख्यमंत्री चुनकर भाजपा ने चुनावी साल में युवा चेहरे पर दांव खेला है। खटीमा सीट के युवा विधायक पुष्कर सिंह धामी कुछ ही देर में प्रदेश के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।
पहले वे शनिवार को ही शपथ लेने वाले थे, लेकिन बाद में कार्यक्रम में बदलाव कर दिया गया। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो गया है। कुछ ही देर में सीएम के साथ सभी पुराने मंत्री भी शपथ लेंगे।
धामी के नाम की घोषणा करके भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने एक बार फिर सियासी पंडितों को चौंका दिया। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में गिने जा रहे दिग्गज नेता सतपाल महाराज, त्रिवेंद्र सिंह रावत, धनसिंह रावत समेत कई बड़े नाम निर्णायक क्षण में पिछड़ गए।
उत्तराखंड: सांविधानिक संकट नहीं बल्कि ये है सीएम बदलने की वजह, भाजपा ने मौका देखकर एक तीर से साधे पांच निशाने
शनिवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की अध्यक्षता में भाजपा विधायक मंडल दल की बैठक हुई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और मदन कौशिक ने धामी का नाम प्रस्तावित किया। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ नेता सतपाल महाराज, बंशीधर भगत, हरबंस कपूर, रेखा आर्य और ऋतु खंडूड़ी ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया।
इसके बाद भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर ने पुष्कर धामी को सर्वसम्मति से भाजपा विधान मंडल दल का नेता चुने जाने का एलान किया। छात्र राजनीति से चमके 45 वर्षीय धामी प्रदेश के अब तक के सबसे युवा मुख्यमंत्री बनेंगे।
विधान मंडल दल का नेता चुने जाने के बाद धामी केंद्रीय पर्यवेक्षक तोमर, प्रदेश अध्यक्ष कौशिक के साथ राजभवन पहुंचे और राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से सरकार बनाने का आमंत्रण देने का अनुरोध किया। राजभवन के सूत्रों के मुताबिक, धामी रविवार शाम पांच बजे शपथ ग्रहण करेंगे। साथ ही उनके नए मंत्रिमंडल के भी शपथ लेने की संभावना है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी का जीवन परिचय
जीवन परिचय
नाम- पुष्कर सिंह धामी, विधायक खटीमा विधानसभा (70)
पिता का नाम- स्व. शेर सिंह धामी।
माता का नाम- विश्ना देवी।
पत्नी का नाम- गीता धामी।
जन्म स्थान- पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विकासखंड के हड़खोला गांव
जन्म तिथि- 16-09-1975 ।
निवास स्थान- नगरा तराई, खटीमा।
शैक्षिक योग्यता- स्नातकोत्तर, व्यावसायिक- मानव संसाधन प्रबंधन।
राजनीतिक दल का नाम- भारतीय जनता पार्टी।
राजनीतिक सफर
2021- मुख्यमंत्री
2017- दूसरी बार विधायक बने।
2013 -भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष
2012- विधायक बने।
2010-12 तक शहरी अनुश्रवण परिषद उपाध्यक्ष।
2005 -भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष
2001 तत्कालीन मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के ओएसडी भी रहे
1994-1995 में विद्यार्थी परिषद की सदस्यता ली।
अब तक बनाए गए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री कार्यकाल
नित्यानंद स्वामी 09 नवंबर 2000 से 29 अक्तूबर 2001
भगत सिंह कोश्यारी 30 अक्तूबर 2001 से 01 मार्च 2002
एनडी तिवारी 02 मार्च 2002 से 07 मार्च 2007
भुवन चंद्र खंडूरी 08 मार्च 2007 से 23 जून 2009 (11 सितंबर 2011 से 13 मार्च 2012 में भी रहे)
रमेश पोखरियाल निंशक 24 जून 2009 से 10 सितंबर 2011
विजय बहुगुणा 13 मार्च 2012 से 31 जनवरी 2014
हरीश रावत 1 फरवरी 2014 से 27 मार्च 2016 / 21 अप्रैल 2016 से 22 अप्रैल 2016 / 11 मई 2016 से 18 मार्च 2017
त्रिवेंद्र सिंह रावत 18 मार्च 2017 से 09 मार्च 2021
तीरथ सिंह रावत 10 मार्च 2021(मुख्यमंत्री पद की शपथ ली)