टीवी एक्टर पर्ल वी पुरी पर नाबालिग के साथ रेप और छेड़छाड़ का आरोप लगा है। एक्टर के ऊपर दर्ज किए गए पॉक्सो एक्ट के बाद इंडस्ट्री के कई सेलिब्रिटी उनके समर्थन में आ गए हैं। पर्ल वी पुरी के समर्थन में एकता कपूर, क्रिस्टर डिसूजा, निया शर्मा, करिश्मा तन्ना, अनीता हसनंदानी ने पोस्ट किया था। इसी कड़ी में अब एक्ट्रेस दिव्या खोसला कुमार का नाम भी जुड़ गया है। दिव्या खोसला कुमार ने ना सिर्फ पर्ल वी पुरी का समर्थन किया बल्कि पीड़िता के माता-पिता पर संगीन आरोप लगाए हैं। सिर्फ यही नहीं सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस ने पीड़िता के परिवार की पहचान भी उजागर कर दी।
दिव्या खोसला कुमार ने शेयर किया पोस्ट
एक्ट्रेस दिव्या खोसला कुमार ने पर्ल वी पुरी के सपोर्ट में काफी लंबा चौड़ा पोस्ट किया है। सिर्फ इतना ही नहीं उन्होंने पीड़िता के माता-पिता की फोटो और नाम सब कुछ उजागर कर दिया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, कोई भी व्यक्ति किसी भी प्लेटफॉर्म से रेप पीड़िता की पहचान जाहिर नहीं कर सकता और न ही ऐसी कोई जानकारी दे सकता है, जिससे पीड़िता को पहचाने जाने की संभावना हो। सोशल मीडिया पर दिव्या खोसला कुमार को लोगों ने खरी खोटी सुनाना शुरू कर दिया है।
क्या लिखा था पोस्ट में
दिव्या खोसला कुमार पर्ल वी पुरी को सपोर्ट करते हुए उन्हें निर्दोष बताया। इसके साथ ही उन्होंने पीड़िता के माता-पिता को लेकर कई खुलासे किए। सिर्फ यही नहीं उन्होंने सभी आरोपों को गलत बताते हुए पीड़िता के परिवार को झूठा भी कहा। अब एक्ट्रेस की पोस्ट पर लोग उन्हें खरी खोटी सुना रहे हैं।
दिव्या खोसला ने लिखा मैं सबसे अपील करती हूं पर्ल का सपोर्ट करें। मैं तब तक चुप नहीं बैठूंगी जब तक पीड़ित के मां-बाप मीडिया के सामने आकर सच नहीं कहते। हम किसी के साथ यह बर्बादी कैसे देख सकते हैं। बता दें, दिव्या खोसला कुमार और पर्ल वी पुरी ने म्यूजिक एलबम में साथ काम किया है।
पहचान उजागर करने वालों पर भड़कीं देवोलिना भट्टाचार्या
दिव्या खोसला कुमार के पोस्ट के बाद देवोलिना भट्टाचार्या ने ट्वीट कर लिखा, ‘मां-बाप ने इंसानियत सिखाई होती तो जाकर सात साल की बच्ची की मां के इंस्टाग्राम अकाउंट पर गधों की तरह कॉमेंट करने से पहले 100 बार सोचते। और जिसने भी पीड़िता की पहचान उजागर की है, उसे जेल में बंद कर देना चाहिए। उम्मीद करती हूं तुम्हारे अपने इस स्थिति से कभी न गुजरें।’ एक्ट्रेस ने आगे लिखा, ‘कुछ तो इंसानियत रखो। कैसे गंदे लोग हो तुम लोग? डिक्शनरी खोलो और ‘Empathy’ का मतलब चेक करो इडियट्स। इस बकवास डिस्कशन को यहीं बंद कर दो और कोर्ट को फैसला लेने दो। वाकई इंसानियत एकदम गिर गई है। बहुत ही घटिया है यह।’
डीसीपी ने एकता कपूर को दिया था जवाब
बता दें, इसके पहले एकता कपूर ने पर्ल वी पुरी को निर्दोष बताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया था। इसके साथ ही उन्होंने भी पीड़िता के परिवार को झूठा बताया था। एकता कपूर को डीसीपी ने जवाब देते हुए लिखा था, ‘यह सभी आरोप झूठे नहीं हैं। अभी हम मामले की जड़ तक पहुंचने की कोशिश में लगे हैं और जल्द ही सच से पर्दा उठ जाएगा।’ फिलहाल, पर्ल वी पुरी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं।