नोएडा। सेक्टर-39 पुलिस ने ई-रिक्शा चालक से लूटपाट करने के आरोपी शुक्रवार को सलारपुर दादरी रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने एक ई-रिक्शा चालक के साथ कुकर्म भी किया था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
गाजियाबाद के विजयनगर निवासी युवक ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं। वह 24 मई को ताज हाईवे पर खड़ा था। इसी बीच तीन युवक आए। उन्होंने चालक से ग्रेटर नोएडा के चार मूर्ति चौक जाने के लिए कहा। चार मूर्ति चौक पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने सेक्टर-80 जाने की बात कही थी। फिर एक आरोपी ने चालक को सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में ले जाकर लूटपाट और कुकर्म किया था। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर दिल्ली के सुल्तानपुरी निवासी नसीर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कुकर्म करने की बात कबूल की है। घटना के समय आरोपी नशे में था।