पिछले काफी समय से कोरोना, हार्ट अटैक और दूसरी बीमारियों के चलते कई सितारे इस दुनिया को छोड़कर जा चुके हैं। तमिल के मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता नेल्लई शिवा का 11 मई को निधन हो गया। 69 वर्षीय नेल्लई शिवा दिल का दौरा पड़ने के बाद इस दुनिया को अलविदा कह गए। उनका अंतिम संस्कार आज परिवार द्वारा तिरूनलवेली में किया जाएगा।
बता दें कि नेल्लई शिवा तिरूनलवेली के पानाकुड़ी में अपने घर में थे जब उन्हें दिल का दौरा पड़ा। चूंकि वो शादीशुदा नहीं थे ऐसे में उनका अंतिम संस्कार उनके भाई के बच्चे करेंगे। नेल्लई के इस तरह चले जाने से से उनके परिवार और फैंस को बहुत दुख हुआ है। सोशल मीडिया पर सेलेब्स उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
शिवा ने तमिल फिल्म इंडस्ट्री में ‘आन पावम’ फिल्म से डेब्यू किया था। इस फिल्म का निर्देशन पांडियाराजन ने किया था। इसके बाद वो अंबे शिवम, महाप्रभु, वेत्री कोड़ी कट्टू, कन्नुम कन्नुम जैसी कई फिल्मों में नजर आए थे। उन्होंने करीब 500 फिल्मों में काम किया था। वो फिल्मों में सपोर्टिंग किरदार के लिए जाने जाते थे।
उन्होंने कॉलीवुड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वो अपने नेल्लाई स्लैंग के लिए काफी प्रचलित थे। उन्होंने थिरूपाची, कीरेडम जैसी कई फिल्मों में काम किया था। वो आखिरी बार तृषा परमपदम विलायतट्टू में नजर आए थे। ये फिलम डिज्नी+हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी। उन्होंने मशहूर शो पांडियन स्टोर में भी एक अहम किरदार निभाया था।