लखनऊ. इलाहाबाद हाईकोर्ट के (74) वर्षीय सेवानिवृत्त जज धर्मवीर शर्मा का शुक्रवार को निधन हो गया. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट की हैं. बता दें कि न्यायमूर्ति धर्मवीर शर्मा ने अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि विवाद पर 30 सितंबर, 2010 को इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ की ओर से ऐतिहासिक फैसले में शामिल थे. बुलंदशहर में दानपुर नगर के हवेली परिवार में जन्मे धर्मवीर शर्मा के निधन की दुखद खबर मिलने के बाद उनके गांव और समाज में शोक की लहर दौड़ गई.
जानकारी के मुताबिक सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति धर्मवीर शर्मा वर्तमान में नोएडा के सेक्टर 12 में रहते थे.
उनके परिवारीजन अंकित गौतम ने बताया कि गुरुवार रात वह पूर्ण स्वस्थ थे. शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया. दोपहर में उन्होंने अंतिम सांस ली. बुलंदशहर स्थित परिवार वालों के मुताबिक, गढ़मुक्तेश्वर में गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया.