अभिनेता राम कपूर (Ram Kapoor) के पिता अनिल कपूर का बीती 12 अप्रैल को निधन हो गया था। अनिल ने 74 वर्ष की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। राम कपूर के पिता कैंसर से जूझ रहे थे। पिता के निधन के बाद राम कपूर ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है।
अमूल का पोस्ट किया शेयर
राम कपूर ने अमूल के पोस्ट को शेयर किया है। राम कपूर ने अमूल के पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, ‘जैसे अमूल ने मेरे पिता को ट्रिब्यूट दिया है, उसे देखकर मैं सच में निशब्द रह गया हूं। आप सच में एक लीजेंड थे पापा, आप हमेशा याद आओगे… ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे।’ द हिन्दू की एक रिपोर्ट के मुताबिक राम कपूर के पिता ने जब अमूल के साथ काम करना शुरू किया था, उस वक्त ही अमूल की टैगलाइन ‘अमूल- द टेस्ट ऑफ इंडिया’ दी गई थी।
गौतमी कपूर ने भी दी श्रद्धांजलि
बता दें कि राम कपूर की पत्नी गौतमी कपूर ने भी सोशल मीडिया पर अनिल कपूर को श्रद्धांजलि दी थी। गौतमी ने लिखा था, ‘पिताजी आप हमारे दिलों में हमेशा रहेंगे। मैं जिस सबसे मजबूत और व्यक्ति को जानती हूं वह आप ही थे।’ गौरतलब है कि राम कपूर के पिता अनिल कपूर ‘बिली’ के नाम से लोकप्रिय थे।
फैन्स और सितारे दे रहे श्रद्धांजलि
राम कपूर के पोस्ट पर फैन्स और सितारे कमेंट कर अभिनेता के दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। हजारों फैन्स के साथ ही जेनिफर विंगेट, इरिस भास्कर, रवि के चंद्रन, सुमोना चक्रवर्ती, दृष्टि धामी, किश्वर मर्चेंट सहित कई सितारों ने अनिल कपूर के लिए शोक जाहिर किया है।
राम कपूर का वीडियो वायरल
बता दें कि राम कपूर का नाम उन सेलेब्स में गिना जाता है जो किसी भी माहौल में रंग भर देते हैं। करीब एक हफ्ते पहले राम कपूर ने कोविड वैक्सीनेशन का पहला डोज लिया था। हालांकि इस दौरान वो काफी मस्ती के मूड में नजर आए थे। राम कपूर का ये फनी अंदाज फैन्स को भी खूब भाया था और उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।