चंडीगढ़/दिल्ली, 20 जुलाई 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में उसकी सरकार की लुटेरी और तानाशाही नीतियों ने पार्टी को पतन के कगार पर ला खड़ा किया है। चुग ने कहा कि खरड़ की विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान का इस्तीफा इस बात का संकेत है कि आप के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है।
चुग ने अपने बयान में कहा, “आप में महिलाओं के प्रति असंवेदनशीलता का आलम यह है कि पार्टी की महिला नेत्रियां तक असुरक्षित महसूस कर रही हैं। दिल्ली में आप सांसद स्वाति मालीवाल के साथ अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर हुए दुर्व्यवहार से लेकर पंजाब में महिला इकाई की अध्यक्ष प्रीति मल्होत्रा के इस्तीफे तक, यह साफ है कि आप में महिलाओं की गरिमा का कोई सम्मान नहीं है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि यह एक स्पष्ट पैटर्न है, जो आप को महिलाओं के लिए अविश्वसनीय और असुरक्षित साबित करता है।
चुग ने आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में भगवंत मान सरकार पूरी तरह केजरीवाल के इशारों पर चल रही है। उन्होंने कहा, “पंजाब में आप सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। माफियाओं को खुली छूट दी गई है, और केजरीवाल के इनसे संबंधों की गहराई से जांच होनी चाहिए।”
उन्होंने आप विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह के निलंबन का जिक्र करते हुए कहा कि यह पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष और विद्रोह का एक और सबूत है। चुग ने दावा किया कि पंजाब की जनता से किए गए झूठे वादों और सरकार की नाकामी के चलते आप का पतन अब अपरिहार्य है।