बलिया, 5 जून 2025, गुरुवार: बलिया, उत्तर प्रदेश में पांच लड़कियों द्वारा जींस-टीशर्ट पहनकर हाईटेक तरीके से भीख मांगने का मामला सामने आया है। ये लड़कियां सड़कों पर खड़े होकर खासकर VIP गाड़ियों से भीख मांग रही थीं। स्थानीय लोगों को इनके व्यवहार पर शक हुआ, जिसके बाद पुलिस ने इन्हें हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, ये सभी लड़कियां गुजरात की रहने वाली हैं और इनके पास गुजरात के आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं।
महिला थाने में इनका वेरिफिकेशन चल रहा है, और पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या ये लड़कियां किसी मानव तस्करी रैकेट या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों का हिस्सा हैं। सूत्रों के मुताबिक, ये लड़कियां बलिया रेलवे स्टेशन के पास एक धर्मशाला में रह रही थीं और 10 रुपये की किताब बेचने के बहाने भीख मांग रही थीं। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि ये लड़कियां गुजरात से बलिया कैसे और क्यों आईं। जांच में मानव तस्करी या अन्य मजबूरी की आशंका पर भी ध्यान दिया जा रहा है।